नेशनल हाईवे के लिए मंदिर को किया गया है शिफ्ट
कोरबा। उरगा-चांपा हाईवे किनारे मां मड़वारानी मंदिर नए स्वरूप में नजर आएगा। इसका निर्माण भी शुरू हो गया है। तीन मंजिला मंदिर की ऊंचाई 51 फीट है। इसके ऊपर में चढऩे के लिए किनारे में सीढ़ी का निर्माण भी हो रहा है।
मंदिर का निर्माण जून तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। अभी अस्थाई मंदिर में ही मां मड़वारानी की पूजा-अर्चना की जा रही है।
ग्राम खरहरी की मां मड़वारानी सेवा व ग्रामीण समिति मंदिर का संचालन करती है। पहाड़ ऊपर में मां मड़वारानी का अलग मंदिर है। मुख्य मार्ग के किनारे होने की वजह से फोरलेन सडक़ बनाने के लिए मंदिर की शिफ्टिंग की गई है।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने मंदिर समिति के लिए 82 लाख 54 हजार का मुआवजा तय किया है। लेकिन अभी 40 लाख रुपए का मुआवजा प्रथम किस्त के रूप में दी गई है।
हालांकि मंदिर समिति ने पहले से ही निर्माण शुरू कर दिया था। समिति के सचिव प्रियांशु सिंह ने बताया कि नए स्थल पर श्रद्धालु अभी भी पूजा अर्चना करने पहुंच रहे हैं। यहां 24 घंटे श्रद्धालु आते हैं। मुख्य मार्ग किनारे होने के कारण रास्ते में गुजरने वाले लोग पूजा के बाद ही आगे बढ़ते हैं।
इसकी वजह से मंदिर को उसी हिसाब से ही डिजाइन की गई है। मड़वारानी में हाईवे का अंडरब्रिज का निर्माण चल रहा है। अब मंदिर दूसरे छोर के सर्विस रोड किनारे आ गया है।
कोरबा की ओर से जाने वाले लोगों को मंदिर दर्शन के लिए अंडर ब्रिज के ऊपर चढऩा नहीं पड़ेगा। तीन मंजिला ढलाई के बाद गुंबज लगेगा। अभी ढलाई का काम चल रहा है। मंदिर के गर्भगृह का निर्माण नवरात्रि के पहले हो जाएगा।
मंदिर समिति के सचिव ने बताया कि ऊपर का निर्माण चलता रहेगा। गर्भगृह भी नए स्वरूप में नजर आएगा उसके हिसाब से डिजाइन की गई है। माता का यहां भव्य स्वरूप भी नजर आएगा। पहाड़ ऊपर भी मड़वारानी का मंदिर है। लेकिन श्रद्धालु नीचे में पहले दर्शन करते हैं। उसके बाद ही ऊपर मंदिर जाते हैं। नवरात्र पर्व पर यहां मेला भी लगता है। इसकी तैयारी पहले से ही शुरू हो जाती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















