रायपुर में चायनीज मांझा का कहर जारी है। चायनीज मांझे के कारण एक स्कूटी सवार बुजुर्ग का मुंह बुरी तरह से कट गया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है। इससे पहले पिछले महीने चायनीज मांझे की चपेट में आने से 7 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई थी।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार को होमराज ब्राह्मणकर उम्र (61वर्ष) अमलीडीह निवासी, स्कूटी चलाकर अमलीडीह से रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान एक्सप्रेस-वे पर बुजुर्ग पंडरी क्षेत्र में चीनी मांझे में फंसकर घायल हो गए। हादसे में उनका मुंह और अंगूठा बुरी तरह से कट गया। आनन फानन में उन्हें पंडरी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने गंभीर हालत देखकर आंबेडकर अस्पताल रेफर कर दिया।
बता दें कि 19 जनवरी को पचपेड़ी नाके के पास सात वर्षीय पुष्कर साहू का गला चीनी मांझे से कट गया और उसकी जान चली गई थी। एक और घटना में महिला वकील पूर्णशा कौशिक के गले में पंडरी माल के पास एक्सप्रेस-वे पर चीनी मांझा फंसा था। उनका गला और हाथ कट गया था। शहर में चाइनीज मांझा प्रतिबंधित होने के बाद भी दुकानों में आसानी से मिल रहे हैं, जिसके कारण आए दिन यह हादसों का कारण बन रहे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
