शहर सरकार का थमा चुनाव प्रचार, घर-घर दस्तक शुरू

संजू देवी-उषा तिवारी व मालती की ऑटो की हो रही गूंज

कोरबा। नगरीय निकाय चुनाव में इस वर्ष चुनावी शोर अपने रंग में कम नजर आया है। नगर पालिक निगम के साथ ही नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत क्षेत्र में प्रत्याशी अपना-अपना जोर लगाए हुए हैं लेकिन जब बात नगर पालिक निगम कोरबा के क्षेत्र की करें तो यहां के 67 वार्डों में भी कहीं रंग फीका तो कहीं सुर्ख नजर आ रहा है। आज शाम से चुनाव प्रचार का शोर थमा और फिर मतदान दिवस 11 फरवरी की सुबह तक घर-घर जाकर प्रचार-प्रसार का दौर चलना प्रारंभ हो गया है।


इधर महापौर की उम्मीदवार भारतीय जनता पार्टी से जहां संजू देवी राजपूत का चुनाव प्रचार जोर-शोर से चल रहा है तो दूसरी तरफ कांग्रेस उम्मीदवार श्रीमती उषा तिवारी का प्रचार अपने सधे अंदाज में चल रहा है। इस साल का चुनावी रंगरूप मतदाताओं के भी समझ में नहीं आ रहा है और वह बड़े खामोश रहकर मतदान की तारीख का इंतजार कर रहे हैं। मतदाताओं की खामोशी के कई तरह के मायने राजनीतिक विश्लेषक लगा रहे हैं।

राजनीति के गुणा-भाग और उतार-चढ़ाव के बीच जहां बीजेपी प्रचार-प्रसार में आगे चल रही है वहीं उनके पक्ष में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय चुनावी सभा ले चुके हैं। राष्ट्रीय नेत्री सरोज पांडेय का भी दौरा हुआ है तो मंत्री लखन लाल देवांगन वार्डो से लेकर शहर में दौरे व छोटी-छोटी सभाएं कर रहे हैं।

दूसरी तरफ कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में नेता प्रतिपक्ष डॉ.चरणदास महंत, सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत व पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की उपस्थिति को छोडक़र कोई भी दिग्गज नेता नजर नहीं आए हैं।

निगम क्षेत्र की जनता भी इस तरह के प्रचार- प्रसार और नेताओं के रवैया से हतप्रभ है कि आखिर क्यों प्रत्याशियों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है?

कोरबा नगर निगम में महापौर के लिए भाजपा से संजू देवी राजपूत व कांग्रेस से उषा तिवारी ने जोर लगा रखा है। वही निर्दलीय मैदान में उतरी दिनेश मालती किन्नर की ऑटो दूर-दराज व शहरी क्षेत्रों में नजर आ रही है। वही अन्य 9 महापौर प्रत्याशी भी अपने स्तर पर प्रचार में जुटे है।