मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए करें सख्त कार्यवाही : कलेक्टर

नशीली वस्तुएं बेचने वालों को किया जाएं चिन्हित : एसपी

कोरबा। जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और ड्रग तस्करी की रोकथाम के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। नारकोटिक्स को-आर्डिनेशन की बैठक में कलेक्टर अजीत वसंत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने जिले में मादक पदार्थों की उपलब्धता, बिक्री पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्देशित किया कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में तंबाकू, सिगरेट सहित अन्य सामग्री किसी भी स्थिति में न बेची जाएं और अवैध शराब, गांजा आदि वस्तुओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए राजस्व, पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी आपस में समन्वय कर संयुक्त कार्यवाही करें।

कलेक्टर अजीत कुमार वसंत ने नारकोटिक्स को-आर्डिनेशन की बैठक में में निर्देश दिए कि सभी मेडिकल दुकानों में एक माह के भीतर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं।

बैठक में नगर निगम कमिश्नर आशुतोष पांडेय, सीईओ जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर  मनोज कुमार, सीएमएचओ डॉ. एसएन केशरी, सभी एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार थाना प्रभारी, सहित सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।