कोरबा। भिलाईबाजार निवासी समाज सेवक प्रदीप कुमार जायसवाल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र प्रेषित कर गेवरा रोड स्टेशन से सभी पैसेंजर ट्रेन परिचालन की मांग की है।
प्रदीप जायसवाल ने बताया कि उनके द्वारा ट्रेन परिचालन के संबंध में कोरबा विधायक व वाणिज्य, श्रम व उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल का अनुसंशा पत्र भी प्रेषित किया था लेकिन अभी तक इस दिशा में उचित कार्यवाही नहीं हुई है।
श्री जायसवाल ने बताया कि कोविड से पहले गेवरा रोड स्टेशन से 5 यात्री ट्रेनें चल रही थी जिसमें एक प्रात: 5.45 एवं दूसरी सुबह 8.00 बजे रायपुर तक के लिए चलाया जा रहा था लेकिन वर्तमान में अब केवल एक ही ट्रेन दोपहर 1.30 बजे चल रही है। इससे यहां के यात्रियों को राजधानी रायपुर व बिलासपुर आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि गेवरा रोड से लगे नगर पंचायत दीपका, बांकीमोंगरा, हरदीबाजार एवं ग्राम पंचायत भिलाईबाजार, केसला, छिंदपुर, सलोरा, बिरदा एवं 25 से 30 पंचायतों का गेवरा रोड से पैसेंजर से आवागमन होता था।
ट्रेन सुविधा नहीं होने से इन्हें रायपुर सहित अन्य शहरों में आने-जाने के लिए चार गुना अधिक खर्च करना पड़ता है।
इसके अलावा रात्रि में आने-जाने वालों को और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। श्री जायसवाल ने गेवरा रोड स्टेशन से जल्द से जल्द यात्री ट्रेनों का परिचालन प्रारंभ करने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
