बिलासपुर जिले में तलाक के बाद पति को छोड़कर लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रही महिला पर प्रेमी युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं वारदात के बाद से आरोपी प्रेमी फरार है जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। बंगालीपारा में रहने वाली नीलू कश्यप (30वर्ष) टिफिन सेंटर चलाकर गुजर-बसर करती हैं। वह एक बच्चे के साथ किराए के मकान में रहती हैं। महिला का उसके पति से तलाक हो गया है। जिसके बाद वह सनत कश्यप नाम के युवक के साथ लिव-इन में रहती थी।
बताया जा रहा है कि महिला शुक्रवार की रात किसी काम से सीपत चौक की ओर गई थी। वहां से लौटते समय वह परिचित से मोबाइल पर बात कर रही थी। तभी सनत कश्यप आया। उसने महिला पर अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला पर हमलावर ने 6 वार किए।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वहीं लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677