नोनबिर्रा धान खरीदी केंद्र में जमकर हुआ बवाल, प्रभारी के खिलाफ किसानों ने खोला मोर्चा

कोरबा जिले के पाली क्षेत्र के ग्राम नॉनबिर्रा धान खरीदी केंद्र में इन दिनों अनियमितता जोरों पर है। खरीदी केंद्र में फड़ प्रभारी पर किसानों ने धान के अधिक तौल लेने का आरोप लगाया है। फड़ प्रभारी और किसानों के बीच बहस भी हुई जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आक्रोशित किसानों ने प्रशासन से फड़ प्रभारी को हटाने की मांग की है, नहीं हटाने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

धान खरीदी केंद्र में किसान छेदुरम पिता कार्तिक राम धान बिक्री करने गया था। खरीदी केंद्र प्रभारी डाकेश्वर प्रसाद पांडेय के द्वारा 40.9 kg के हिसाब से धान तौल किया जा रहा था जिसको लेकर विवाद हुआ। किसानों का कहना है कि 40.6 kg तौल किया जाय। किसानों का आरोप है कि धान खरीदी केंद्र में बिना खर्चा-पानी के उनकी धान स्वीकार नहीं की जा रही है।

किसानों का कहना है कि वे अपनी धान बेचने के लिए कई दिनों से खरीदी केंद्र के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन सुपरवाइजर और प्रबंधक जानबूझकर उनकी धान खरीदने से इनकार कर रहे हैं। किसानों का यह भी आरोप है कि धान खरीदी प्रक्रिया में रिश्वत की मांग की जा रही है। किसानों ने धान खरीदी केंद्र से प्रभारी को हटाने की मांग की है।