कोरबा। जिला प्रशासन द्वारा जिला खनिज न्यास मद द्वारा करोड़ों की राशि से जिले में अनेक विकास कार्य किए जा रहे हैं। जिनमें स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार एवं शैक्षणिक भवनों को बेहतर बनाने हेतु अनेक निर्माण एवं मरम्मत कार्य, पहुँचविहीन क्षेत्रों में सडक़ व पुल-पुलिया निर्माण, सहित अन्य कार्य किया जा रहा है।
इन कार्यों के पूर्ण होने से स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
इसी कड़ी में कलेक्टर अजीत वसंत द्वारा स्कूल शिक्षा विभाग अंतर्गत 33 प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में प्रार्थना शेड हेतु 2.90 करोड़, 36 हाई एवं हायर सेकंडरी स्कूल में सायकल स्टैंड निर्माण कार्य हेतु 2.26 करोड़ की राशि जारी की गई है। इसमें ग्राम पंचायत को क्रियान्वयन एजेंसी बनाया गया है।
जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखण्ड के दूरस्थ ग्राम पंचायत साखों के आश्रित बसाहट रनई में आवागमन की सुगम व्यवस्था हेतु लगभग 35 लाख से पुल निर्माण एवं आस पास के बसाहट के बच्चों के लिए स्थायी शैक्षणिक संस्थान की व्यवस्था के तहत सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख की स्वीकृति दी गई है। बसाहट में पुल व सामुदायिक भवन बन जाने से आमजनो को हाथी से होने वाले जान माल की नुकसान से राहत मिलेगी साथ ही बच्चे सकारात्मक वातावरण में पढ़ाई का लाभ ले सकेंगे।
इसी तरह पोड़ी उपरोड़ा विकासखण्ड के ग्राम मढ़ोढा से मातिन रोड के लिए 98 लाख रूपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस सडक़ के बनने से पांच गांव में कनेक्टीविटी होने के साथ ही मातिन दाई मंदिर तक श्रद्धालुओं का आवागमन आसान हो जायेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
