कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत ने सोमवार को साप्ताहिक जनदर्शन में आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और इसके निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने जनदर्शन में प्राप्त आवेदन पत्रों को विभागवार संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर समय सीमा में निराकृत करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में सीमांकन अतिक्रमण हटाने, पेंशन, महतारी वंदन योजना का लाभ दिलाने, आर्थिक सहायता सहित शिकायत संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। जनदर्शन में कुल 64 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने प्राप्त सभी आवेदनों का समय पर निराकरण के निर्देश दिए हैं।
जनदर्शन में ग्राम डोकरमना के बालरूप सिंह ने सीमांकन, ग्राम रजगामार के उप सरपंच ने ग्राम पंचायत में राशि गबन के मामले में कार्यवाही करने, रामपुर के मुकेश पटेल ने डीजे सेट चोरी होने पर करतला थाना में एफआईआर नहीं करने, जमनीपाली के यशवंत कुमार ने अंकसूची व दाखिल-खारिज पंजी में सुधार, ग्राम मुड़ापार हरदीबाजार की हम क्रांति समिति समूह ने अवैध ईंटा भट्टा पर कार्यवाही करने, कुसमुंडा क्षेत्र के भू-विस्थापितों द्वारा कोयला खदान प्रभावित क्षेत्र में एंबुलेंस एवं स्कूल बस सुविधा की मांग की।
इसी तरह ग्राम बरीडीह की पटैतीन बाई ने अति वृष्टि से क्षतिग्रस्त मकान का मुआवजा, ग्राम इंदलभाठा तरदा की शांतिबाई ने अपनी पुस्तैनी जमीन का दस्तावेज जबरन गुरूवार दास द्वारा रख लिये जाने की शिकायत की। ग्राम पंचायत कनकी के बसंत यादव ने सरपंच, सचिव पर चौदवें वित्त की राशि गबन करने के संबंध में शिकायत करते हुए आवेदन दिया।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, संयुक्त कलेक्टर कौशल तेन्दुलकर, अपर आयुक्त नगर निगम विनय मिश्रा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्रीकांत कसेर, खाद्य अधिकारी जीएस कंवर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















