एक साल में कोरबा के विकास का पहिया तेज रफ्तार से दौड़ पड़ा

300 करोड़ के कार्य शुरू : लखनलाल

कोरबा। नगर विधायक और वाणिज्य उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन शुक्रवार को प्रेस क्लब के तिलक भवन में आयोजित लखन का 1 साल वह राज्य सरकार का अमृत काल कार्यक्रम में कहा कि जिले के 295706 और कोरबा नगर निगम क्षेत्र के 71865 माताओं और बहनों को महतारी वंदन योजना के तहत् प्रतिमाह 1000 रुपए दिये जा रहे है।


श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि कोरबा विधानसभा समेत पूरे जिले के समुचित विकास (नेशनल हाईवे, बॉयपास सडक़, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, आंगनबाड़ी, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था, सामुदायिक भवन, मंच, पंडाल, तालाब गहरीकरण, सी.सी. रोड़, नाली, सामाजिक भवन, बिजली) व्यवस्था के लिए कुल 1800 करोड़ से अधिक की राशि इस एक साल में स्वीकृत करायी गयी है।

कोरबा विधानसभा में 300 करोड़ के कार्य शुरू करए गए। जिनमें अधोसंरचन, विधायक मद, डीएमएफ, राजस्व आपदा प्रबंधन, नगरीय निकाय, प्रभारी मंत्री मद, सहित अन्य मदो से कार्य स्वीकृत कराकर प्रारंभ कराये जा रहे है। कुछ बडे प्रोजेक्ट टेंडर प्रक्रिया में हैं, बहुत जल्द विकास कार्यों का श्री गणेश होगा। बिना किसी भेदभाव के वार्डों में कार्य कराये जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरूण साव के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आज कोरबा जिला विकास के नई उंचाईयों की ओर अग्रसर है। हमारा प्रयास रहा है कि कोरबा शहर के बीच से भारी वाहनों का दबाव कम हो, इसके लिए बरमपुर से प्रगतिनगर तक 8 किमी लंबे बॉयपास मार्ग के लिए 83 करोड रुपए की स्वीकृति उपरांत टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। बहुप्रतीक्षित संजय नगर रेल्वे फाटक पर अंडरब्रिज का निर्माण 70 करोड़ रुपए की लागत से होगा। इससे प्रभावित लोगों को 3.11 करोड़ का मुआवजा दिया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में भाजपा सरकार में ढेंगुरनाला बॉयपास सडक़ का डीएमएफ फण्ड से निर्माण प्रारंभ किया गया था। कांग्रेस के सरकार ने इस मार्ग के निर्माण को रोक लगा दी थी। अब पुन: 5 वर्ष पश्चात प्रारंभ करा दिया गया है। विधानसभा चुनाव से पूर्व शहर के सडक़ों का आनन-फानन में घटिया डामरीकरण किया गया था। पहली बारिश में ही डामरीकरण पूरी तरह से उखड़ गया था। हमने मानसून सीजन खत्म होते ही तत्काल डामरीकरण का कार्य पूर्ण कराया। सर्वमंगला मंदिर पहुंच मार्ग बेहद जर्जर स्थिति में था, हमने सर्वमंगला मंदिर बॉयपास मार्ग का निर्माण समयवाधि में शुरू कराकर पूर्ण कराया है।


इन बड़े कार्यों की मिली स्वीकृति
टीपी नगर में वल्र्ड क्लास इंडोर स्टेडियम लागत 25 करोड़, टीपी नगर न्यू बस स्टैण्ड की मरम्मत व नवीनीकरण कार्य  98 लाख रुपए, इंदिरा स्टेडियम के पवेलियन, पाथवे, टायलेट ब्लाक, स्वीमिंग पुल सहित अन्य विकास कार्य 2.5 करोड़ की स्वीकृति, जिला खनिज न्यास के मद से कोरबा विधानसभा अंतर्गत 100 विभिन्न विकास कार्यों के लिए 9.19 करोड़ के कार्य, 44 सामुदायिक भवनों का निर्माण विस्तार व मरम्मत कार्य के लिए 4.90 करोड़, 18 सामाजिक भवनों का निर्माण विस्तार व उन्नयन कार्य 2.96 करोड़, 7.44 सांस्कृतिक मंच एवं शेड का निर्माण 3.7 करोड़, 74 स्थानों पर सीसी रोड एवं नाली निर्माण 7.8 करोड़, 28 आंगनबाड़ी एवं मुक्तिधाम निर्माण व मरम्मत, लागत 2.8 करोड़, 27 पेयजल, प्रसाधन व अन्य भवनों का जीर्णोद्धार लागत 1.89 करोड़ के कार्य की स्वीकृति मिली है।