कलेक्टर ने ली निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों की बैठक

नए स्कूल भवनों का निर्माण अप्रैल 2025 तक हो पूर्ण : कलेक्टर

कोरबा । कलेक्टर अजीत वसंत ने बुधवार को कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों को निश्चित समय सीमा में पूर्ण किया जाए।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि खनिज न्यास मद से स्वीकृत नए स्कूल भवन का निर्माण हर हाल में अप्रैल 2025 के तक पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि नए सत्र नए विद्यालयों में प्रारंभ हों। निर्माण कार्यों को पूर्ण कराने के साथ ही हैंड ओवर करने की भी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की है।


कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसी भी कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति के दो माह के भीतर अनुबंध कर लिए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि गल्र्स हॉस्टल, दिव्यांग विद्यालय के निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करा लिए जायें। इसके साथ ही विद्यालयों में अतिरिक्त भवन निर्माण मरम्मत आदि के कार्य भी निश्चित समय सीमा में पूर्ण करा दिए जाएं।

उन्होंने निर्देश दिए कि दिव्यांग विद्यालय भवन, स्कूल, आश्रम छात्रावास, वृद्धाश्रम आदि वंचित वर्गों के लिए किए जाने वाले निर्माण कार्यों को ध्यान में रखकर प्राथमिकता से पूर्ण कराए जाएं।

उन्होंने विभागों को निर्देश दिए कि जिले में खनिज न्यास के निर्माण कार्यों को पूर्ण करने के लिए विशेष प्रयास करें। ईई जल संसाधन विभाग को निर्देशित किया गया कि व्यपवर्तन, जलाशय एवं नहर निर्माण के कार्य शीघ्र पूर्ण कर लिए जाएं।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर गौतम सिंह सहित ईआरईएस पीडब्ल्यूडी, सेतु विभाग, हाउसिंग बोर्ड, आदिवासी विकास विभाग, जल संसाधन विभाग व नगरीय निकाय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।