CGPSC- 2023 के नतीजे जारी : रविशंकर वर्मा बने पीएससी टॉपर, दूसरे नंबर पर रहीं मृणमयी शुक्ला

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने CGPSC- 2023 परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। टॉप- 10 की लिस्ट में इस बार 6 पुरुष और 4 महिला शामिल है। जिसमें बलौदाबाजार जिले के रविशंकर वर्मा ने पहला स्थान हासिल किया है। वहीं मृणमयी शुक्ला को दूसरा और आस्था शर्मा ने तीसरा स्थान हासिल किया है। CGPSC ने 17 विभाग में कुल 242 पदों के लिए भर्ती निकाली थी।

रविशंकर वर्मा ने हासिल किया पहला स्थान

बलौदाबाजार जिले के कोसमंदी गांव निवासी रविशंकर वर्मा ने पहला स्थान हासिल किया है। रविशंकर वर्तमान में बैकुंठपुर में जिला रोजगार अधिकारी के पद पर पदस्थ है। उन्होंने एनआईटी रायपुर से साल 2012 में इलेक्ट्रॉनिक्स में इंजीनियरिंग की थी। मुंबई में प्लेसमेंट के बाद 2015 तक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पड़ पर काम किया। जिसके बाद साल 2015 में नौकरी छोड़कर रायपुर आकर सिविल सर्विस की तैयारी में जुट गए थे। रविशंकर वर्मा को 2017 से 5 बार परीक्षा के बाद अब सफलता हासिल हुई है।
मृणमयी को मिला दूसरा स्थान

राज्य सेवा परीक्षा में मृणमयी शुक्ल को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। मृणमयी शुक्ला राज्य वित्त सेवा के पद पर कार्यरत है। मृणमयी अपने 6वें प्रयास में डिप्टी कलेक्टर बनने में सफल रही है। इससे पहले मृणमयी का चयन 2016 नायब तहसीलदार के पद पर वहीं 2021 में डीएसपी के पद पर चयन हुआ था। वहीं महासमुंद की नंदिनी साहू अपने दूसरे प्रयास में 5वां स्थान प्राप्त करने में सफल रही है। नंदिनी ने पहले प्रयास में 179वीं रैंक हासिल की थी।

किसान का बेटा बना डिप्टी कलेक्टर

छपोरा गांव के किसान के बेटे ने CGPSC की परीक्षा में बाजी मारी है। पुनीत वर्मा, पिता सालिक राम वर्मा का चयन डिप्टी कलेक्टर के पद पर हुआ है। पुनीत ने 9 स्थान प्राप्त किया है। पुनीत ने बताया कि, घर में पढ़ाई का माहौल नहीं था लेकिन उन्हें आसपास के लोगों को देखकर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। पुनीत का चयन 2016 में छात्रावास अधीक्षक के पद पर हुआ था।

वहीं साल 2018 की पीएससी परीक्षा में सहायक भू-अभिलेख अधिकारी के रूप में चयन हुआ था। वहीं 2021 आबकारी निरीक्षक के पद पर चयन के बाद अब डिप्टी कलेक्टर बन गए हैं।