कोरबा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने स्थानीय चुनावों के मद्देनजर टीपी नगर स्थित कांग्रेस कार्यालय में पार्टी के समस्त मोर्चा प्रकोष्ठों और संगठनों के पदाधिकारियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित बैठक में कहा कि हम सब को पूरी एकजुटता से पंचायतों और नगरीय निकाय के चुनावों हेतु कार्य करने की जरूरत है।
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं हैै, अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है और अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। श्री बैज ने तंज कसते हुए कहा कि हालांकि राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हैं लेकिन सरकार कौन चला रहा है यह समझ पाना मुश्किल है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता मेहनती और कर्मठ है, जरूरत है सही रणनीति अपनाने की। कटघोरा के पूर्व विधायक पुरूषोत्तम कंवर ने कहा कि पार्टी के पुराने लोगों को ही अवसर मिलना चाहिए क्योंकि चुनाव के समय अनेक नए लोग पार्टी में शामिल हो जाते हैं और उनको पार्टी का टिकट भी मिल जाता है। ऐसी स्थिति में पुराने कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटता है जो पार्टी हित में सही नहीं है। पूर्व विधायक मोहित केरकेट्टा ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को हर स्तर की कमेटियों के साथ आपसी तालमेल बिठाते हुए एकजुटता के साथ कार्य करना होगा तभी सफलता मिल सकेगी।
कार्यक्रम के आरंभ में जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष सपना चौहान ने स्वागत उद्बोधन दिया। कार्यक्रम का संचालन श्यामसुंदर सोनी ने किया। महापौर राजकिशोर प्रसाद ने आभार प्रदर्शन किया।
बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेश सहगल, पूर्व जिला अध्यक्ष श्रीमती उषा तिवारी, हरीश परसाई, प्रदेश कांग्रेस सचिव विकास सिंह, जिला अध्यक्ष सपना चौहान, रेखा त्रिपाठी, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष राठौर, दुष्यंत शर्मा, गोरेलाल यादव, हीरालाल, मुन्ना पाठक, सेवादल प्रमुख प्रदीप पुरायणे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष मो. शाहिद, ममता अग्रवाल, पुष्पा पात्रे, नरायण कुर्रे, निर्मलकर सिंह राज सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, जिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस, मोर्चा संगठन व कांग्रेस प्रकोष्ठ के पदाधिकारी उपस्थित थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















