पाली में वर्चस्व की लड़ाई सडक़ पर, अनहोनी से इनकार नहीं
कोरबा। कोरबा जिले के सीमांत पाली विकासखंड में एसईसीएल कोरबा क्षेत्र की सरायपाली बुड़बुड़ परियोजना खदान खुलने के बाद से भाजपा के दो मुद्दों में आपसी तनाव और खींचतान बढ़ता जा रहा है। मन ही मन में दबी चिंगारी मौके देख-देख कर भडक़ने लगती है। कोयला ट्रांसपोर्ट में वर्चस्व कायम रखने की लड़ाई धीरे-धीरे बढ़ रही है और यह अब चरम पर पहुंच कर भाजपा के संगठन प्रभारी राजा पाण्डेय के सामने ही फूट पड़ा।
पाली के बुड़बुड़ कोयला खदान में बीते दिनों घटित घटनाक्रम कुछ इस प्रकार है कि ट्रांसपोर्टर अनूप जायसवाल उर्फ रोहित जायसवाल ने एक लिखित शिकायत पाली थाना में दर्ज कराया जिसमें उसने बताया है कि शुक्रवार सुबह अपने ट्रांसपोर्टिंग का कार्य हेतु सरायपाली खदान गया हुआ था जहां अपने परिचित धरमराज मरावी के साथ खड़े होकर बात कर रहा था तभी अचानक भाजपा के मंडल अध्यक्ष रोशन सिंह ठाकुर अपनी गाड़ी से खदान पहुंचा और उससे गाली गलौच करते हुए मारने लगा।
इस दौरान उसके अन्य साथी दुर्गेश सिंह (लाला) ठाकुर, सुशांत सिंह, और एसईसीएल कर्मी गौरव ठाकुर भी गाली गलौच करते हुए छीना-झपटी करते हुए मारने की धमकी देने लगे। रोहित ने बताया कि वह 40 प्रतिशत दिव्यांग है। उसे इनसे जान का खतरा है कड़ी से कड़ी कार्यवाही करें।
इसी तरह दूसरे पक्ष से गौरव ने लिखित शिकायत थाना में दर्ज कराया। इसके बाद शाम के वक्त लाला ठाकुर (गौरव के सहयोगी) के साथ लोगों ने मारपीट को अंजाम दिया और फिर यह मामला थाना पहुंच गया। दुर्गेश सिंह ठाकुर ऊर्फ लाला ठाकुर पिता शंभू सिंह 38 साल निवासी छिंदपारा 22 नवम्बर को शाम 4:50 बजे अपने घर छिंदपारा से पाली बस स्टैंड अपने कार क्रमांक सीजी-10 बीपी 2142 से आ रहा था कि मनमोहन किराना दुकान के सामने रोहित जायसवाल, धरमु सवरा, रमेश डोंगरे एवं शुभम सारथी एवं उनके अन्य सभी लोग पहले खड़े होकर आने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही मनमोहन किराना दुकान के पास अपने कार में पहुंचा तो रोहित जायसवाल अपने मोटर सायकल को कार के आगे अड़ा कर तथा सभी लोग सामने खड़े होकर रोके तथा लाला जब गाडी से उतर कर बोला तो गाली गुप्तार कर हाथ-मुक्के से एवं लात-घूंसे से मारे जिससे दाहिने गाल एवं दाहिने कान में गंभीर चोट आई है,कान से खून निकला। लड़ाई झगड़ा में डेढ़ लाख रुपये कीमती एप्पल का मोबाइल का नुकसान हुआ है।
वर्चस्व की लड़ाई में भाजपा की एन्ट्री
मामला अंदर ही अंदर जिस तरह सुलग रहा है विधानसभा पाली-तानाखार क्षेत्र के मुख्यालय पाली में किसी भी अनहोनी की घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। दोनों गुटों की वर्चस्व की लड़ाई भाजपा के संगठन प्रभारी राजा पाण्डेय के समक्ष ही खुलकर फूटा है। मंडल के पदाधिकारियों ने जिला उपाध्यक्ष पर उल्टे ही ठीकरा फोड़ कर काम नहीं करने और प्रताडि़त करने का आरोप लगा दिया है, जबकि आरोप वास्तविक घटना से कोसों दूर है।
पाली क्षेत्र में कोयले के काम और खदान में वर्चस्व की लड़ाई में सत्ता पक्ष के दो गुटों की भी सीधे एन्ट्री हो गई है। इस बात से पुष्ट होता है कि पाली मंडल में होने वाले संगठन चुनाव में कब्जा जमाने के लिए स्थिति यहां तक आ पहुंची है कि पाली मंडल के लिए बनाये गए चुनाव पर्यवेक्षक दीपका के वरिष्ठ भाजपा नेता व खाद्य आयोग के पूर्व अध्यक्ष के साथ-साथ लोकसभा में भाजपा के प्रत्याशी रहे ज्योतिनंद दुबे को हटा कर पाली मंडल में कटघोरा के भाजपा नेता और पूर्व जिलाध्यक्ष पवन गर्ग को प्रभारी बनाना पड़ा है।
भाजपा संगठन समय रहते दोनों गुटों के लोगों पर नियंत्रण नहीं रख पाती है तो आने वाले दिनों में संगठन को ही इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। वहीं पुलिस प्रशासन भी सत्ता पक्ष के द्वारा दो गुटों के मध्य हो रहे वर्चस्व की लड़ाई और खूनी खेल पर कड़ी कार्यवाही से पल्ला झाड़ती है तो कानून व्यवस्था के लिए भी विकट स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
