शासन की योजनाओं का प्राथमिकता से क्रियान्वयन करें सुनिश्चित : प्रभारी सचिव
कोरबा। जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती अलरमेल मंगई डी ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के अधिकारियों की बैठक ली।
उन्होंने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि कोरबा एक महत्वपूर्ण जिला है। यहां बड़ी संख्या में अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोग व श्रमिक निवास करते हैं। यहां शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए एवं आपस में समन्वय बनाकर टीम भावना से कार्य करने और जिला को सभी योजनाओं में आगे बढ़ाने कहा।
प्रभारी सचिव श्रीमती मंगई डी ने जिले में महत्वपूर्ण स्थानों पर शिविर आयोजित करने और उनका पंजीयन कर श्रम विभाग योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण से जुड़े विभागों को भी श्रमिकों के हित में कार्य करते हुए योजनाओं से लाभान्वित करने कहा।
इस अवसर पर कलेक्टर अजीत वसंत ने जिले में शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन तथा डीएमएफ से स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि शासन की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन की दिशा में सभी अधिकारियों के समन्वय और सहयोग से कार्य करेंगे। उन्होंने जिले के विद्यालयों में डीएमएफ से शिक्षकों एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की भर्ती किए जाने तथा जिले से कोचिंग के लिए 100 विद्यार्थियों को रायपुर भेजे जाने की जानकारी प्राप्त होने पर जिला प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की।
बैठक में वनमण्डलाधिकारी कोरबा अरविंद पीएम, कटघोरा कुमार निशांत, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
फसल हानि पर समय पर हो मुआवजा भुगतान
कोरबा व कटघोरा वनमण्डल अंतर्गत उन्होंने हाथियों सहित अन्य वन्य प्राणियों से होने वाले जनहानियों, फसल हानि आदि की जानकारी ली और समय सीमा के भीतर संबंधितों को मुआवजा प्रदान करने के निर्देश दिए। वनमण्डलाधिकारियों द्वारा किए जा रहे महत्वपूर्ण कार्यों, हाथी विचरण वाले आबादी क्षेत्रों में रेस्क्यू, ड्रोन के माध्यम से जंगली हाथियों पर नजर रखने और एआई सहित अन्य तकनीकों का इस्तेमाल कर लोगों को जागरूक करने आदि की जानकारी दी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















