सर्वमंगला मंदिर घाट पर हसदेव की महाआरती आज

कोरबा। कार्तिक पूर्णिमा पर 15 नवंबर को हिन्दू क्रांति सेना के द्वारा लगातार तीसरे वर्ष सर्वमंगला घाट में संध्या 5 बजे हसदेव की महाआरती 2024 का आयोजन किया गया है जिसमें छत्तीसगढ़ सहित अन्य प्रदेश के विविध धार्मिक, सांस्कृतिक आयोजन के साथ-साथ भजन संध्या का भव्य आयोजन किया जाएगा।


हिन्दू कल्याण संस्थान छत्तीसगढ़ के अंतर्गत पंजीकृत हिन्दू क्रांति सेना के अध्यक्ष राहुल चौधरी ने बताया कि ऊर्जानगरी कोरबा में 15 नवंबर को आयोजित हसदेव की भव्य आरती के साथ-साथ देव-दीपावली के आयोजन में 11 हजार दीपों का प्रज्वलन और 2100 दीपदान के साथ-साथ दुग्ध से जलाभिषेक व 51 मीटर की चुनरी भेंट की जाएगी। साथ ही छत्तीसगढ़ व बनारस के ब्राम्हणों द्वारा हसदेव की महाआरती कर हसदेव को संरक्षण का संकल्प लिया जाएगा।


आज प्रतिबंधित रहेगा सर्वमंगला मार्ग
हसदेव महाआरती के लिए कोरबा पुलिस ने रोड मैप जारी किया है। पुलिस ने हसदेव आरती में सम्मिलित होने हेतु श्रद्धालुओं एवं राहगीरों के लिए रूट डायवर्जन के साथ-साथ छोटी एवं बड़ी गाडिय़ों के लिए पार्किंग व्यवस्था किया गया है। रूटचार्ट के अनुसार बिलासपुर तरदा की ओर से आने वाले वाहन उरगा से सीतामणी होकर आयेगें, कोरबा रेल्वे क्रासिंग की ओर से आने वाले वाहन सुनालिया के पास पार्किंग में पार्क करेगें। कुसमुण्डा की ओर से आने वाले वाहन बरमपुर हाईस्कूल मैदान में पार्किंग करेगें। कुसमुण्डा की ओर से आने वाले वाहन छुराकछार एनटीपीसी होकर कोरबा आये। कुसमुण्डा तरफ से आने वाले बडी गाड़ी वैशाली नगर में खड़ी करें। दर्री की ओर से आने वाली बडी गाडी को प्रगतिनगर में खड़ी करें। तरदा तरफ से आने वाले बड़ी गाड़ी 04 नम्बर में। शुक्रवार को दोपहर 2 बजे से सर्वमंगला मार्ग पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।