मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहस्त्रबाहु जयंती समारोह में हुए शामिल

कलार समाज छग के विकास में सहयोग करें: मुख्यमंत्री

कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कटघोरा विकासखंड मुख्यालय में कलार समाज द्वारा आयोजित भगवान सहस्त्रबाहु जयंती कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भगवान सहस्त्रबाहु ने धर्मपरायण राज्य की स्थापना कर लोक कल्याणकारी का रास्ता दिखाया।

हमारी सरकार भी इन्हीं कल्याणकारी रास्तों में चल रही है और छत्तीसगढ़ के लोगों के भलाई, सुख-समृद्धि के लिए काम कर रही है।मुख्यमंत्री ने कलार समाज को समृद्ध और शिक्षित समाज बताते हुए कहा कि आज समाज के युवा उच्च पदों पर है।  विकास की दिशा में प्रदेश के सभी समाज का योगदान जरूरी है, इसलिए कलार समाज से भी अपेक्षा है कि वह छत्तीसगढ़ के विकास में सहभागी बने।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजन के लिए भी समाज प्रमुखों को बधाई दी। कार्यक्रम स्थल में पुरस्कृत होने वाले समाज के उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए भविष्य में समाज के विकास में अपना अमूल्य योगदान देने प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में कलचुरियों का बड़ा योगदान है। यहाँ के शिलालेखों और अन्य पुरातात्विक धरोहरों में कल्चुरी राजाओं के महत्वपूर्ण योगदान का पता चलता है।

श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 100 बिस्तर बनाने और अन्य मांग रखी।

कार्यक्रम में नगर पालिका कटघोरा अध्यक्ष रतन मित्तल, समाज के अध्यक्ष रामगोपाल डिक्सेना, पूर्व विधायक विनय जायसवाल, विकास महतो, राजीव सिंह, राजेन्द्र जायसवाल, आईजी डॉ. संजीव शुक्ला, कलेक्टर अजीत वसंत, एसपी सिद्धार्थ तिवारी, डीएफओ अरविंद पीएम, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग सहित समाज के पदाधिकारी एवं समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


कटघोरा सीएचसी को 100 बिस्तर करने की घोषणामुख्यमंत्री श्री साय द्वारा कटघोरा में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 100 बेड वाले अस्पताल में उन्नयन करने का घोषणा किया गया। उन्होंने कटघोरा अम्बिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में चकचकवा पहाड़ के पास स्थित चौक को भगवान सहस्त्रबाहु के नाम पर रखने की घोषणा की। उन्होंने कटघोरा विश्राम गृह को आने वाले समय मे उन्नयन करने की घोषणा की।