अज्ञात लोगों ने फैक्टरी में घुसकर की तोड़फोड़, फिर अंदर रखे सामान को लगाई आग, पुलिस छानबीन में जुटी

सिविल लाइन पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत पोड़ीबहार खरमोरा में एक व्यवसायी के गोदाम में कुछ लोगों ने तोड़फोड़ करने के बाद उसे आग के हवाले कर दिया। किसी तरह स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया, नहीं तो बड़ी घटना घट सकती थी।

बताया जा रहा है कि पोड़ीबहार क्षेत्र में रहने वाला प्रफुल गुप्ता विराट व्यावसायिक प्रतिष्ठान का संचालक है। खबर के अनुसार सिविल लाइन पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत उसका प्रतिष्ठान संचालित है। रात्रि को 8:00 बजे विराट का वाहन चालक कामकाज निपटाने के बाद घर चला गया।

इसके कुछ ही समय बाद फैक्टरी में रात में देखरेख करने वाले कर्मचारी अनीस सिंह ने फोन कर बताया कि फैक्टरी में कुछ लोगों ने हमला बोल दिया और उनसे बचने के लिए खुद को एक कमरे में बंद कर लिया है, जो फैक्टरी में खड़े चारपहिया वाहन, स्कूटी में तोड़फोड़ करते हुए फैक्टरी के सामान को फूंक रहे हैं।

इस पर वो तत्काल मौके पर पहुंचा। इस दौरान कुछ लोग चारपहिया वाहन से भाग रहे थे, जिसमें एक महिला भी शामिल है। फैक्टरी के अंदर जब वह गया तब उसने कर्मचारी को बाहर आने को कहा और देखा कि अलमारी और कूलर को आग के हवाले कर दिया था। किसी तरह आग पर काबू पाया गया और इसकी सूचना तत्काल सिविल लाइन थाना पुलिस को दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। फैक्टरी के कर्मचारी अनीस सिंह ने बताया कि चार से पांच लोग थे। वो दरवाजा खोलने को बोल रहे थे, लेकिन डर से उसने नहीं खोला और इसकी सूचना संचालक प्रफुल गुप्ता को दी। उसने बताया कि दरवाजा खोलने पर उसके साथ कुछ भी हो सकता था।

हमला करने वाले कौन थे कहां के थे ये समझ से परे है। फिलहाल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे और वाहन के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।