कोरबा में नहर में डूबे रहे दो बच्चों को बचाने छलांग लगाने वाली महिला की डूबकर मौत

कोरबा । नहाते वक्त नहर के तेज बहाव में आठ साल बालक और 14 साल की बच्ची बहने लगे। कपड़ा धो रही एक अन्य महिला रिश्तेदार ठीक तरह तैरना नहीं आता था, इसके बाद भी बच्चों की जान बचाने छलांग लगा दी। वह बच्चों को बचाने में असफल रही, साथ ही खुद भी डूब गई। आसपास नहा रहे युवकों ने लगभग एक किलोमीटर दूर महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

सोमवार को दोपहर के समय वार्ड क्रमांक 14 मैग्जिनभाठा निवासी सुषमा मानिकुपरी 40 वर्ष नजदीक में ही स्थित नहर में कपड़ा धोने गई थी। उसके साथ उसके भांजे की पुत्र सिमरन 14 वर्ष व भांजी का पुत्र प्रतीक आठ वर्ष भी थे। बताया जा रहा है कि सुषमा नहर के किनारे कपड़ा धो रही थी, इस दौरान सिमरन व प्रतीक नहर में नहाने उतर गए।

इस दौरान अचानक प्रतीक नहर में बहने लगा, तब उसकी बहन सिमरन ने उसे बचाने का प्रयास किया और हाथ पकड़ कर खींचने लगी, पर वह भी पानी में गिर कर बहने लगी। दोनों को नहर में बहता देख सुषमा ने पानी में छलांग लगी दी और बचाने का प्रयास किया।

पानी का बहाव तेज होने की वजह से वह भी बहने लगी। उसकी चीख सुन कर आसपास नहा रहे कुछ युवक में एक अरविंद कुमार की नजर उन पर पड़ी और वह बचाने के लिए नहर में कूद गया। तीनों का पीछा करते हुए उन तक पहुंचने की कोशिश अरविंद ने किया, पर पानी का बहाव काफी तेज होने की वजह से वे बह कर काफी आगे निकल गए।

किसी तरह सुषमा को वह बाहर निकालने में सफल रहा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने पर सीएसईबी चौकी प्रभारी स्थल पर पहुंचे। नगर सेना के गोताखोर टीम को भी बुलाया गया। काफी देर तक नहर में गोताखोरों ने तलाश की, पर कहीं उनका पता नहीं चला। शाम हो जाने की वजह से रेस्क्यू को बंद करना पड़ा। पुलिस का कहना है कि मंगलवार की सुबह फिर से रेस्क्यू शुरू किया जाएगा। घटना की जानकारी मिलते ही नहर किनारे लोगों की भीड़ लग गई।


बस्ती में पसरा मातम

मृतका सुषमा मानिकपुरी के पति महेत्तर ने बताया कि मेरा भांजा सुकृत दास का पुत्र प्रतीक व भांजी फूसमति की पुत्री सिमरन मेरी पत्नी के साथ नहर गए थे।

किसानोें के लिए इन दिनों पानी छोड़ जा रहा और नहर उफान पर है, यह बात बच्चे नहीं समझ पाए और नहाने उतर गए। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। दिवाली के पहले तीनों परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।