चिकित्सकीय परामर्श के साथ वितरित की गई दवाइयां, ग्रामीणों ने शिविर की सराहना की
कोरबा। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह (डीएसपीएम) कोरबा पूर्व की ओर से ग्राम बेंदरकोना के पंचायत भवन में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श एवं नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और उनकी चिकित्सा संबंधी समस्याओं का निराकरण करना रहा।
मुख्य अभियंता (उत्पादन) संजीव कंसल के निर्देशानुसार आयोजित शिविर का शुभारंभ अधीक्षण अभियंता (मुख्यालय, ऐश मॉनीटरिंग) एनएस ठाकुर एवं कार्यपालन अभियंता रेणुका तिर्की की उपस्थिति में हुआ। ग्राम सरपंच के माध्यम से मुनादी कराकर ग्रामीणों को शिविर की जानकारी दी गई, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श के लिए पहुंचे।
शिविर में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार दवाइयां नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। ग्रामीणों ने शिविर के दौरान गांव में होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से चिकित्सकीय टीम को अवगत कराया और इस पहल की सराहना की।
शिविर में कोरबा पूर्व मुख्य चिकित्सालय से डॉ. प्रज्ञा चंद्रा, तकनीशियन संदीप सोना, फार्मासिस्ट राजकिशोर राजवाड़े, स्टाफ नर्स शालिनी केंवट, लैब टेक्नीशियन प्रतिभा राव, वार्ड आया एलिजा मसीह तथा वाहन चालक संदीप बरेठ ने सेवाएं प्रदान कीं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
