अशोक मोदी को मिला महाराजा अग्रसेन ग्लोबल अवॉर्ड, सामाजिक- धार्मिक सेवा का वैश्विक सम्मान

दिल्ली के अग्र अलंकरण समारोह में देश-विदेश की 51 विभूतियां सम्मानित,उद्योगपति एवं समाजसेवी की उपलब्धि से कोरबा में हर्ष

कोरबा।कोरबा के प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं समाजसेवी अशोक कुमार मोदी को उनके दीर्घकालीन धार्मिक, सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों के लिए प्रतिष्ठित ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया गया है। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन, नई दिल्ली की ओर से प्रदान किया गया यह सम्मान उनके वर्षों के सेवा योगदान को वैश्विक मंच पर मिली पहचान है। दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर, जनपथ में आयोजित भव्य अग्र अलंकरण समारोह-2026 में देश-विदेश की प्रतिष्ठित विभूतियों के बीच उन्हें सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि से कोरबा में शुभचिंतकों और समाज के लोगों में हर्ष का माहौल है।

अशोक कुमार मोदी कृष्णा ग्रुप के चेयरमैन होने के साथ छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय चेयरमैन भी हैं। वर्षों से धार्मिक, सामाजिक और जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाना कोरबा सहित छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।

समारोह में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ लगभग 16 देशों से प्रतिनिधि, समाजसेवी, उद्योगपति एवं प्रतिष्ठित व्यक्तित्व शामिल हुए। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट और अनुकरणीय योगदान देने वाली करीब 51 विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया गया। इन प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों के बीच कोरबा के अशोक मोदी को सम्मान मिलना नगर और प्रदेश की प्रतिष्ठा को बढ़ाने वाला रहा।

समारोह के मुख्य अतिथि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एवं हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल रहे। इसके अलावा भारत सरकार के व्यापारी कल्याण बोर्ड के राष्ट्रीय चेयरमैन सुनील सिंघवी की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में गीता मनीषी एवं महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद महाराज का सानिध्य और आशीर्वाद प्राप्त हुआ।

अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल ने की। राष्ट्रीय महामंत्री राजेश भारूका भी गरिमामय उपस्थिति में शामिल रहे।

अशोक कुमार मोदी को पूर्व में भी भारत सहित विभिन्न देशों में अनेक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। महाराजा अग्रसेन ग्लोबल अवॉर्ड उनके सामाजिक, धार्मिक और जनसेवा के क्षेत्र में निरंतर योगदान को एक और प्रतिष्ठित पहचान प्रदान करता है।