डॉ.सतीश शुक्ला का कान्यकुब्ज सभा करेगी सम्मान

कोरबा।उम्र के किसी भी पड़ाव पर सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने का जुनून हो तो नई उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। इसका उदाहरण डॉ. सतीश कुमार शुक्ला ने प्रस्तुत किया है। 60 वर्ष की आयु के बाद अध्ययन जारी रखते हुए उन्होंने राजस्थान के उदयपुर स्थित महर्षि अरविंद यूनिवर्सिटी से ज्योतिष विषय में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की है। उनके इस शैक्षणिक एवं विशिष्ट योगदान के लिए कान्यकुब्ज सभा शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

कान्यकुब्ज सभा शिक्षा मंडल की ओर से 22 नवंबर को रायपुर के बैरन बाजार में दीपावली मिलन एवं विशिष्ट प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसी क्रम में डॉ. शुक्ला का भी सम्मान किया जाएगा।

डॉ. शुक्ला ने 60 वर्ष की आयु के बाद भी अध्ययन के प्रति अपनी रुचि और लगन को बनाए रखते हुए ज्योतिष के क्षेत्र में शोध एवं अध्ययन किया। ज्योतिषीय विवेचन और विश्लेषण के क्षेत्र में उनके इस प्रयास को विशिष्ट उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

सम्मान समारोह के लिए उनके नाम का चयन होने पर शुभचिंतकों एवं परिचितों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।