सप्तदेव मंदिर में आज धूमधाम से मनेगा बाबा श्याम का जन्मोत्सव

संगीतमय अखंड ज्योत पाठ, छप्पन भोग और भव्य महाआरती का होगा आयोजन,रायपुर के भजन गायक देंगे प्रस्तुति

कोरबा। कार्तिक शुक्ल पक्ष की पावन द्वादशी पर 21 नवंबर को कोरबा के श्री सप्तदेव मंदिर में बाबा खाटू श्याम का जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर में बाबा श्याम का आकर्षक एवं अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा। जन्मोत्सव के अवसर पर दिनभर धार्मिक और भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें बड़ी संख्या में श्याम भक्तों के शामिल होने की उम्मीद है।

जन्मोत्सव के अवसर पर दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक श्याम दरबार में संगीतमय श्याम अखंड ज्योत पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसमें रायपुर से आमंत्रित प्रसिद्ध भजन गायक तरुण सोनी तथा शुभम गोयल एंड पार्टी भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति देंगे। भजनों के माध्यम से बाबा श्याम की महिमा का गुणगान किया जाएगा और मंदिर परिसर भक्तिरस से सराबोर रहेगा।

सायं 7 बजे बाबा श्याम को श्रद्धापूर्वक छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इसके पश्चात भव्य महाआरती होगी तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा।

श्री सप्तदेव मंदिर परिवार के प्रमुख ट्रस्टी अशोक मोदी ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्याम भक्तों से अपने परिवार सहित जन्मोत्सव में शामिल होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।