प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत आवास मेला का आयोजन

प्रदेश के समग्र विकास की परिकल्पना को साकार कर रही सरकार : साव

कोरबा। राजीव गांधी आडिटोरियम में आयोजित प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत आवास मेला समारोह में मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरूण साव ने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ राज्य के समग्र विकास की परिकल्पना को केन्द्र व राज्य सरकार मिलकर साकार कर रही है। हमारा संकल्प था कि छत्तीसगढ़ राज्य को ‘हमने बनाया है – हम ही संवारेंगे’ और आज यह संकल्प तेजी के साथ पूरा हो रहा है।


उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत देश में 4 करोड़ गरीब परिवारों को पक्के मकान मिल चुके हैं, वहीं 3 करोड़ परिवारों को पक्के मकान दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरबा जिले में 60 हजार पक्के आवास बनाए जा चुके हैं तथा वर्तमान में 27 हजार हितग्राहियों के खाते में आवास की पहली किश्त के रूप में राशि डाली जा चुकी है।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने योजना के हितग्राहियों को नवीन आवास स्वीकृत पत्र, पूर्ण आवासगृहों की चाबी, वन अधिकार पट्टा सहित अन्य सामग्रियों का वितरण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य व श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने की।


सरगुजा से बस्तर तक बह रही विकास की बयार : देवांगन
श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ राज्य का तेजी से विकास किया जा रहा है, सरगुजा से लेकर बस्तर तक विकास की बयार बह रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देश पर भ्रष्टाचार मुक्त सरकार व भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की तर्ज पर पूरे प्रदेश में पूरी गुणवत्ता के साथ कार्य हो रहे हैं। कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि जिले में 7 हजार से ज्यादा आवास पूर्ण कर लिए गए हैं। 150 आवासों पर 1 आवास मित्र की नियुक्ति की जा रही, जिसमे से आज आवास मित्रों को नियुक्ति पत्र प्रदाय किए जा रहे है। कलेक्टर ने आवास के हितग्राहियों से आग्रह किया कि आगामी 4 माह में अपना पक्का आवास बना लेवे, शासन से इसके लिए राशि उपलब्ध कराई जा रही है।


16 करोड़ के विकास कार्यो की सौगात
प्रभारी मंत्री के मुख्य आतिथ्य एवं उद्योग, वाणिज्य व श्रम मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित भूमिपूजन व लोकार्पण कार्यक्रम में जिले के नगरीय निकायों को लगभग 16 करोड़ रूपये के विकास कार्यो की सौगात प्रदान की गई। जिसमें नगर पालिक निगम कोरबा के 12 करोड़ 80 लाख 38 हजार रूपये की लागत वाले 20 विकास कार्यो का भूमिपूजन व लोकार्पण, नगर पालिका दीपका के 1.54 लाख 34 हजार रूपये की लागत के 03 विकास कार्यो, नगर पंचायत पाली के 01 करोड़ 26 लाख 28 हजार रूपये की लागत वाले 3 विकास कार्यो तथा नगर पंचायत छुरी के 10 लाख 25 हजार रूपये की लागत के 01 विकास कार्य शामिल है।