जीएसटी टीम ने चावल गोदाम समेत दो प्रतिष्ठानों पर मारा छापा, कार्रवाई से इलाके में हड़कंप

दीपावली से ठीक पहले जीएसटी विभाग एक्शन मोड पर आ गया है। मंगलवार को विभाग की दो टीमों ने कोरबा के कोसाबाड़ी मार्ग और आरएसएस नगर स्थित दो प्रतिष्ठान में छापा मारा। यह दोनों दुकानें काफी समय से संचालित हैं।

अनुमान लगाया जा रहा है कि कर अपवंचन के संबंध में शिकायत मिलने पर जीएसटी की टीम के द्वारा एक्शन लिया गया। सरकार ने गुड्स एंड सर्विस को लेकर टैक्स की व्यवस्था पिछले वर्षों में लागू की है और इसके अंतर्गत कई प्रकार के स्लैब निर्धारित किए हैं।

बताया जा रहा है कि दुकान संचालक महावीर अग्रवाल और उसके पुत्र सुमित अग्रवाल दोनों के नाम पर अलग-अलग फर्म  संचालित है, जहां जीएसटी की टीम ने पहुंच कर छापा मारा। टीम ने पहुंचते ही पहले दुकान संचालक और कर्मचारियों के मोबाइल को जब्त किया, उसके बाद आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

तमाम दस्तावेज खंगाले गए और उनसे पूछताछ की गई। जहां इस घटना के बाद व्यापारियों में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि निहारिका स्थित प्रतिष्ठान पर पान मसाला का दुकान है जो शहर की काफी पुरानी और प्रतिष्ठित दुकान है। काफी लंबे समय से दुकान संचालित होती आ रही है। वहीं आरएसएस नगर मुख्य मार्ग पर ट्रेडर्स की दुकान है, जहां थोक चावल के अलावा, बिस्कुट, नमकीन और चावल की विभिन्न कंपनियों की वैरायटी बेची जाती है।