श्रम मंत्री ने जोगियाडेरा में किया 45 लाख के 3 विकास कार्यों का भूमिपूजन

पहले लगाने पड़ते थे चक्कर, अब करोड़ों के कार्य हो रहे सांय-सांय : लखनलाल

कोरबा। वार्डो को विकास के लिए बीते कुछ वर्षों में खूब इंतजार करना पड़ा, स्थिति यह थी कि वार्डो को 4 लाख के कार्य के लिए महीनों तक चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन आज 4 करोड़ के कार्य सांय-सांय स्वीकृत भी हो रहे हैं और तेज़ी से प्रारंभ कर पूर्ण भी किए जा रहे हैं।


उक्त बातें वाणिज्य उद्योग और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने वार्ड क्रमांक 16 कोहडिय़ा के जोगियाडेरा में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के आसंदी से कही। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि शहर के नागरिक कभी नहीं भूले है कि किस तरह वार्डों को विकास के लिए तरसाया गया। शहर का हर वार्ड मेरा परिवार है और अपने परिवार की समस्या का निदान करना मेरी पहली प्राथमिकता है।

इसी प्राथमिकता के आधार पर बीते 9 महीने में 250 करोड़ की राशि निगम को जारी की जा चुकी है। बीते 10 साल में ऐसा एक साल नहीं गुजरा जब शहर की सडक़ नहीं उखड़ी हो, बीते साल विधानसभा चुनाव से पहले आनन-फानन में सडक़ बनाई गई थी, जो कुछ महीने में ही उखड़ गई थी। अब भाजपा सरकार में फिर से टायरिंग शुरू की गई।

मंत्री श्री देवांगन ने अधिकारियों को पूरी गुणवत्ता के साथ काम करने कहा। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष अजय विश्वकर्मा, नरेंद्र पाटनवार, मंजू सिंह, नारायण सिंह ठाकुर, योगेश मिश्रा, लक्ष्मण श्रीवास, प्यारे लाल साहू, देवेंद्र गोस्वामी, एच के डेनियल, तुषार मानसर, लाल सिंह, सोना राम पटेल, शंकर मांझी सहित वॉर्ड के स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


परिवार की तरह वार्ड की सेवा करना उद्देश्य : नरेंद्र


वॉर्ड के पार्षद नरेंद्र देवांगन ने कहा कि मंत्री लखन लाल देवांगन का एक ही उद्देश्य है की परिवार की तरह वार्ड और शहर की सेवा करें। और वार्ड 16 का हर एक घर मेरा परिवार है। पार्षद नरेंद्र देवांगन ने कहा कि अब थोड़ा थोड़ा काम करने की स्थिति अब खत्म हो चुकी है। अब हर वार्ड में अधिक से अधिक कार्य प्रारंभ किए जा रहे हैं।