आयुर्वेद-योग चिकित्सा शिविर में लोगों को स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश, विभिन्न स्थानों पर किया पौधरोपण
कोरबा।श्रावण शुक्ल पंचमी के अवसर पर आयुष मेडिकल एसोसिएशन एवं लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के संयुक्त तत्वावधान में महर्षि चरक जयंती मनाई गई। इस अवसर पर पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय, महानदी कॉम्प्लेक्स निहारिका रोड में नि:शुल्क आयुर्वेद एवं योग चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आयुर्वेद एवं योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। कार्यक्रम के दौरान आंवला, गिलोय, नीम, तुलसी और एलोवेरा सहित विभिन्न औषधीय पौधों का नि:शुल्क वितरण किया गया। पर्यावरण संरक्षण और औषधीय पौधों के महत्व का संदेश देते हुए विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण भी किया गया।
चरक संहिता स्वस्थ जीवन का मार्गदर्शन : डॉ. शर्मा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने कहा कि भावप्रकाश के अनुसार श्रावण शुक्ल पंचमी को महर्षि चरक का जन्मदिवस माना जाता है। महर्षि चरक द्वारा रचित चरक संहिता केवल चिकित्सा शास्त्र का महत्वपूर्ण ग्रंथ ही नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का मार्गदर्शन भी प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि हितकर आहार-विहार, संयम, सत्य, सहनशीलता और सदाचार को जीवन में अपनाकर व्यक्ति निरोगी और स्वस्थ रह सकता है। आयुर्वेद में बीमारी के उपचार के साथ-साथ रोगों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली पर भी विशेष जोर दिया गया है।
कार्यक्रम में डॉ. संजय वैष्णव, डॉ. सुरेंद्र मिश्रा, डॉ. सुधांशु शर्मा, डॉ. जितेंद्र नारायण शर्मा, डॉ. लव कुमार साहू सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे। लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श, औषधीय पौधों के वितरण और पौधरोपण के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















