झीनी बाई स्मृति कन्या महाविद्यालय का शुभारंभ

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा शिक्षा और समाज के उत्थान के लिए बोधराम कंवर का योगदान अनुकरणीय

कोरबा-हरदीबाजार। ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्र की बेटियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में हरदीबाजार में झीनी बाई स्मृति कन्या महाविद्यालय की शुरुआत की गई। महाविद्यालय का शुभारंभ नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, सांसद ज्योत्सना महंत, पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, विधायक प्रेमचंद पटेल एवं पूर्व विधायक बोधराम कंवर ने मां सरस्वती एवं स्व. झीनी बाई कंवर के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

बेटियों की उच्च शिक्षा को मिलेगा नया अवसर
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि बोधराम कंवर ने राजनीति के साथ-साथ शिक्षा और समाज के उत्थान के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया है। ग्रामीण क्षेत्र में कन्या महाविद्यालय की स्थापना बेटियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि बच्चियों की उच्च शिक्षा एवं उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में झीनी बाई स्मृति कन्या महाविद्यालय की स्थापना सराहनीय कार्य है। इससे क्षेत्र की छात्राओं को अपने घर के नजदीक उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा कॉलेज
विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि शास्त्री शिक्षा समिति द्वारा प्रारंभ किया गया यह महाविद्यालय क्षेत्र में शिक्षा के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुविधा मिलने से विशेष रूप से छात्राओं को लाभ मिलेगा।

पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने भी महाविद्यालय की स्थापना को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि बोधराम कंवर ने स्वयं को शिक्षा एवं समाज की सेवा के लिए समर्पित किया है।

मां का सपना पूरा करने की पहल : बोधराम कंवर
पूर्व विधायक बोधराम कंवर ने कहा कि उनकी माता स्व. झीनी बाई कंवर प्रारंभ से ही शिक्षा के प्रति दृढ़ संकल्पित और धार्मिक विचारों वाली थीं। उनका सपना था कि क्षेत्र की बेटियों को अच्छी एवं उच्च शिक्षा मिले। इसी सपने को साकार करने के उद्देश्य से कन्या महाविद्यालय की स्थापना की गई है।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के माध्यम से ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्र की छात्राओं को बेहतर शिक्षा और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक मोहित केरकेट्टा, पूर्व विधायक कटघोरा पुरुषोत्तम कंवर, कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष मनोज चौहान, राज जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य कौशल नेटी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, नागरिक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रो. शिव दुबे ने किया।

नए कन्या महाविद्यालय की शुरुआत से हरदीबाजार सहित आसपास के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए नई राह मिलने की उम्मीद है।