शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और आजीविका के जरिए स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाने की पहल की सराहना
कोरबा। एनटीपीसी कोरबा द्वारा नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी पहलों को प्रदर्शित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एनटीपीसी द्वारा बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं स्थानीय समुदायों के लिए शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य, आजीविका सृजन तथा आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन का स्वागत एनटीपीसी कोरबा के परियोजना प्रमुख किशोर चंद्र पात्रा ने किया। इस दौरान मंत्री देवांगन ने विशेष रूप से परियोजना प्रभावित ग्रामों में एनटीपीसी द्वारा सीएसआर के माध्यम से किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की।
बच्चों और युवाओं के अवसरों से दिखता है विकास
लखनलाल देवांगन ने कहा कि विकास का वास्तविक प्रभाव केवल बड़े निर्माण कार्यों से नहीं, बल्कि उन अवसरों से दिखाई देता है जो बच्चों, युवाओं और महिलाओं के लिए तैयार किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी की सीएसआर परियोजनाएं प्रभावित एवं आसपास के गांवों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने से ग्रामीण समुदायों को आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलती है। सीएसआर के माध्यम से किए जा रहे ऐसे प्रयासों का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना चाहिए।
स्थायी अवसर उपलब्ध कराने प्रतिबद्ध : पात्रा
एनटीपीसी कोरबा के परियोजना प्रमुख किशोर चंद्र पात्रा ने कहा कि एनटीपीसी स्थानीय समुदायों के लिए स्थायी और उपयोगी अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सीएसआर के माध्यम से संचालित गतिविधियों का उद्देश्य समुदाय की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।
कार्यक्रम में सीएसआर के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, आजीविका एवं बुनियादी सुविधाओं से जुड़े प्रयासों को रेखांकित किया गया।
जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में पार्षद नरेंद्र देवांगन, मुकुंद सिंह कंवर, किशन केंवट, जनक सिंह राजपूत, तोमेश यादव, एल्डरमैन ईश्वर साहू, ग्राम पंचायत छुरीखुर्द के सरपंच लखन भारिया, कविता नारायण राजपूत, सरोज सांडिल्य, दीपक अग्रवाल, अनिल यादव, नरेन्द्र पाटनवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
एनटीपीसी कोरबा की इन पहलों को स्थानीय समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















