‘वंदेमातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर कोरकोमा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत वनांचल गांव में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, सामूहिक रूप से हुआ वंदेमातरम् का गायन

कोरबा।‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम एवं ‘वंदेमातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वनांचल ग्राम कोरकोमा में वंदेमातरम् थीम पर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिला प्रशासन कोरबा एवं जनपद पंचायत कोरबा के संयुक्त आयोजन में हुई विकासखंड स्तरीय तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों और राष्ट्रध्वज के रंग में रंगा नजर आया। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने राष्ट्र के प्रति एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा में जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह एवं जनपद पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय राय शामिल हुए। उन्होंने यात्रा में शामिल प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

यात्रा का समापन ग्राम पंचायत कोरकोमा चौक में हुआ। यहां उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगीत ‘वंदेमातरम्’ का सामूहिक गायन किया। इस दौरान राष्ट्रभक्ति और देश के प्रति समर्पण का भाव देखने को मिला।

कार्यक्रम में ग्राम कोरकोमा के सरपंच तेजराम राठिया, जनपद सदस्य श्रीमती डोलेश्वरी राठिया, पंच उमेश्वर सोनी, पीओ आशुतोष मिश्रा, करारोपण अधिकारी आरएस कंवर, बीपीएम अलिंगजोर तिर्की, ज्योति राज, निशा यादव सहित हायर सेकेंडरी स्कूल कोरकोमा के व्याख्याता एवं शिक्षकगण ज्योति मिश्रा, डालियाकर, नीता वर्मा, अभिलाषा विश्वकर्मा, विनीता पाटले एवं उमा ध्रुव उपस्थित रहे।

तिरंगा यात्रा के माध्यम से ग्रामीण अंचल में राष्ट्रभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश पहुंचाया गया तथा लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।