महत्वाकांक्षी योजनाओं की प्रगति पर हुई बैठक में चर्चा, समय-सीमा व गुणवत्ता का रखें ध्यान: कलेक्टर

कोरबा। जिला प्रशासन के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं पर जोर देने के साथ इनकी प्रगति पर चर्चा हुई। विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी कलेक्टर कुणाल दुदावत ने ली।

अधिकारियों से कहा गया कि समय-सीमा और गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए योजनाओं को आगे बढ़ाएं।

मौजूदा सीजन को देखते हुए सीएमएचओ को ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर लगाने व संक्रामक बीमारियों की रोकथाम करने हेतु विस्तृत कैलेंडर तैयार कर अभियान चलाने को कहा गया। पीवीटीजी परिवारों की स्वास्थ्य जांच के लिए एक माह तक विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि कोई भी परिवार स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। जिले के सभी छात्रावासों, आश्रमों एवं आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की भी नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने दिव्यांगजनों के सर्वे एवं उन्हें शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के संबंध में भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने उप संचालक समाज कल्याण एवं सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि 1 से 30 सितंबर तक जिले के सभी ग्रामों में दिव्यांगजनों की जानकारी एकत्रित करने हेतु विशेष अभियान चलाया जाए।

कलेक्टर ने जिले में शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए सभी विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है, वहां आवश्यकतानुसार मानदेय शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने डीईओ को निर्देशित किया।

विकासखंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के सभी एपीसी को विकासखंड आवंटित कर फील्ड में भेजने तथा विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

बैठक में पीएमओ, मुख्यमंत्री जनदर्शन सहित अन्य महत्वपूर्ण लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को जनहित से जुड़े प्रकरणों को प्राथमिकता देते हुए समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।