मानिकपुर परियोजना के प्रभावितों की लड़ाई मजबूती से उठाएंगे : जयसिंह अग्रवाल

जनसुनवाई के विरोध में भू-विस्थापितों ने पूर्व मंत्री से की मुलाकात, एसईसीएल के पुराने वादे पूरे कराने की मांग

कोरबा। मानिकपुर ओपन कास्ट परियोजना के विस्तार को लेकर प्रस्तावित जनसुनवाई से पहले क्षेत्र के प्रभावित भू-विस्थापितों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। 21 अगस्त 2026 को प्रस्तावित जनसुनवाई के विरोध में प्रभावित ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल से मुलाकात कर अपनी समस्याएं और मांगें रखीं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एसईसीएल प्रबंधन द्वारा मानिकपुर परियोजना से प्रभावित लोगों के हित में पूर्व में किए गए कई वादे अब तक पूरे नहीं किए गए हैं। ऐसे में पुराने मामलों का निराकरण किए बिना परियोजना विस्तार के लिए जनसुनवाई कराए जाने को लेकर प्रभावितों में असंतोष है।

पुराने वादे पूरे करने का बनाया जाएगा दबाव
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि मानिकपुर परियोजना से प्रभावित होने वाले लोगों के हितों को लेकर पहले भी आवाज उठाई गई है और आगे भी उनके मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रभावित भू-विस्थापितों के अधिकारों से किसी भी तरह का समझौता नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि एसईसीएल प्रबंधन को पहले प्रभावितों से किए गए वादों को पूरा करना चाहिए। ग्रामीणों की समस्याओं और उनके आर्थिक हितों का उचित समाधान किए बिना परियोजना विस्तार की प्रक्रिया आगे बढ़ाना उचित नहीं होगा। प्रभावितों के अधिकारों के लिए प्रबंधन पर आवश्यक दबाव बनाया जाएगा।

जनसुनवाई को लेकर प्रभावितों में असंतोष
प्रभावित ग्रामीणों का कहना है कि परियोजना विस्तार से उनकी जमीन, आजीविका और भविष्य प्रभावित होगा। ऐसे में पहले मुआवजा, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना सहित लंबित मामलों का निराकरण किया जाना चाहिए। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि अपने हितों और अधिकारों की अनदेखी करते हुए जनसुनवाई नहीं होने देने का प्रयास किया जाएगा।

पूर्व मंत्री ने प्रभावितों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों और समस्याओं को उचित मंच पर उठाने के साथ एसईसीएल प्रबंधन पर पुराने वादे पूरे करने के लिए दबाव बनाया जाएगा।