एल्युमिनियम की खिड़कियां, जेवर-नकदी और दो बाइक चोरी; पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोरबा। शहर में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। अज्ञात चोरों ने शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय समेत चार अलग-अलग स्थानों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। कहीं चोर कॉलेज की एल्युमिनियम खिड़कियां उखाड़ ले गए तो कहीं घर से सोने-चांदी के जेवर और नकदी पार कर दी। दो स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत भी पुलिस के पास पहुंची है। संबंधित थानों और चौकियों में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अवकाश का फायदा उठाकर कॉलेज में घुसा चोर
मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवकाश का फायदा उठाकर अज्ञात व्यक्ति दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुआ। चोर कॉलेज से पुरानी इस्तेमाल की तीन एल्युमिनियम खिड़कियां चोरी कर ले गया।
कॉलेज का निरीक्षण किए जाने पर नए भवन के कक्ष क्रमांक-5 की दीवार तोड़कर खिड़की चोरी किए जाने की बात भी सामने आई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई है।
घर से सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब
कोतवाली थाना क्षेत्र के धनुवारपारा रानी रोड निवासी नीरा श्रीवास 14 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे अपनी छोटी बेटी के यहां गई थीं। घर की देखरेख के लिए उन्होंने अपनी बड़ी बेटी मीना श्रीवास को जिम्मेदारी दी थी।
अगले दिन मीना ने फोन कर बताया कि अलमारी में रखी चांदी की दो जोड़ी पायल, करीब 25 तोला वजन, सोने के 10 नग मटरदाना और 2,100 रुपये नकद गायब हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सीतामणी रनिंग रूम के पास से बाइक चोरी
दुरपा रोड निवासी परदेशी लाल अग्रवाल के अनुसार ठेकेदार निखिल अग्रवाल की मोटरसाइकिल 9 अगस्त की रात करीब 8 बजे के बाद सितामणी रनिंग रूम के पास खड़ी थी। इसी दौरान अज्ञात चोर बाइक लेकर फरार हो गए। आसपास तलाश करने के बावजूद वाहन का पता नहीं चल सका।
छह महीने पहले उपयोग के लिए दी बाइक भी ले उड़े
मानिकपुर चौकी क्षेत्र के शारदा विहार विनस स्कूल के पास रहने वाले दीपक कुमार टांक ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-12एन-2081 करीब छह महीने पहले परिचित अनिल कुमार जोशी को उपयोग के लिए दी थी।
19 जुलाई की रात करीब 11.30 बजे अनिल जोशी के घर के सामने से अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
चारों चोरी के मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस चोरी गए सामान और वाहनों की तलाश के साथ घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने तथा संदिग्धों की जानकारी जुटाने में लगी है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















