चांदनी चौक के पास दर्दनाक हादसा; शव सड़क पर रखकर करीब दो घंटे प्रदर्शन, मुआवजा और कार्रवाई की मांग
कोरबा।बांकीमोंगरा क्षेत्र में कल रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। चांदनी चौक के पास रात करीब 8 बजे रोंगा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक ट्रेलर के नीचे जा फंसी और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
बाइक पर ग्राम अरदा निवासी सूरजभान ठाकुर और सूरज पटेल सवार थे। हादसे में सूरजभान ठाकुर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सूरज पटेल को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
दो मौतों से गांव में पसरा मात म, सड़क पर उतरे ग्रामीण
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। दोनों युवकों की मौत से लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों शवों को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया।
प्रदर्शनकारी ट्रेलर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, मृतक परिवारों को उचित मुआवजा और सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर अड़े रहे। चक्काजाम के कारण रोंगा-बांकीमोंगरा मार्ग पर करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
अधिकारियों की समझाइश के बाद समाप्त हुआ चक्काजाम
चक्काजाम की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार और बांकीमोंगरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों से चर्चा कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। करीब दो घंटे की बातचीत और समझाइश के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मार्ग पर यातायात व्यवस्था बहाल कराई।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार
दर्री सीएसपी विमल पाठक ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को पुलिस ने जब्त कर लिया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
दो युवकों की मौत के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं ग्रामीणों ने सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात व्यवस्था और भारी वाहनों की निगरानी मजबूत करने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















