जिला ऑटो संघ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए श्रम मंत्री

20 लाख की लागत से ऑटो संघ के लिए बनेगा भवन

कोरबा। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन बुधवारी स्थित आदिवासी शक्तिपीठ स्थल प्रांगण में आयोजित जिला ऑटो संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित हुए।

उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और बधाई देते हुए कहा कि ऑटो वाले तीनों मौसम में मेहनत करते हैं। बड़ी ईमानदारी के साथ मेहनत करना और जिम्मेदारी तथा विश्वास के साथ यात्रियों को उनके मंजिल तक सुरक्षित पहुंचाने का कार्य करते हैं। वे समय की परवाह नहीं करते। शहर से गांव, सुबह से रात में किसी को अस्पताल छोडऩा हो या फिर अन्य महत्वपूर्ण स्थान पर धूप में, बरसात में हर समय कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि शासन द्वारा योजना चलाई जा रही है। हमारे असंगठित क्षेत्र के सभी ऑटो ड्राईवर पंजीयन कराएं। मंत्री श्री देवांगन ने आटो चालकों की समस्याओं को दूर करने हरसंभव मदद की बात कहते हुए संघ के लिए भवन हेतु 20 लाख की राशि देने की घोषणा की।

इस अवसर पर पार्षद नरेन्द्र देवांगन, राजीव सिंह ने संबोधित किया। मंत्री श्री देवांगन ने ऑटो संघ के अध्यक्ष आजम खान, उपाध्यक्ष पंकज तिवारी, सचिव यशवंत कौशिक सहित अन्य पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, आटो चालक एवं अन्य लोग उपस्थित थे।