त्रिस्तरीय पंचायतों के निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी

नगरीय निकाय चुनाव : मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन, दावा-आपत्ति 23 तक

कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग रायपुर द्वारा नगर पालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन हेतु निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण किये जाने का कार्यक्रम जारी किया गया है और मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया है।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीकांत वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आज जिले के सभी मीडिया प्रतिनिधियों को नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने निर्वाचक नामावली में 1 जनवरी 2024 की स्थिति में निर्वाचक नामावली में नाम जुड़ाने, संशोधन एवं विलोपन की प्रकिया से अवगत कराया। नगरीय निकाय के अंतर्गत नगर पालिक निगम कोरबा/नगर पालिका परिषद-दीपका/कटघोरा/बांकीमोंगरा नगर पंचायत छुरीकला/पाली की मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित स्थानों में नियुक्त प्राधिकृत कर्मचारियों द्वारा 16 से 23 अक्टूबर को कार्यालयीन समय प्रात: 10 बजे से 5 बजे तक तथा अंतिम दिन 23 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक दावा-आपत्तियां प्राप्त किये जायेंगे।


नगर निगम के 67 वार्डों में 2,59,333 मतदाता
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि नगर पालिक निगम कोरबा अंतर्गत कुल 67 वार्ड व कुल मतदाता 2,59,333, नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा में कुल वार्ड 30 व कुल मतदाता 36,381, नगर पालिका परिषद कटघोरा कुल वार्ड 15 व कुल मतदाता 16,680, नगर पंचायत छुरीकला कुल वार्ड 15 व कुल मतदाता 6,446, नगर पंचायत पाली में कुल वार्ड 15 व कुल मतदाता 4,182, नगर पालिका परिषद दीपका में कुल वार्ड 21 व कुल मतदाता 21,079 है।

इसी तरह त्रिस्तरीय पंचायत अंतर्गत जनपद पंचायत कोरबा में 74 ग्राम पंचायत कुल मतदाता 1,09,510, करतला में 78 ग्राम पंचायत कुल मतदाता 114188, पाली में 93 ग्राम पंचायत कुल मतदाता 1,47,692, जनपद पंचायत कटघोरा में कुल 53 ग्राम पंचायत कुल मतदाता 80,183, जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा कुल ग्राम पंचायत 114 कुल मतदाता 1,34,741 हैं।