जल जीवन मिशन के कार्यों में प्रगति लाने के दिए निर्देश
कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जल जीवन मिशन अंतर्गत एकल ग्राम/समूह नल जल प्रदाय योजना के कार्यों सोलर पंप आधारित मिनी जल प्रदाय योजना, जल जीवन मिशन अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं में स्त्रोत निर्माण, पानी टंकी निर्माण तथा हर घर जल प्रमाणीकरण की स्थिति की समीक्षा की।
कलेक्टर ने जेजेएम अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं में संबंधित एजेंसियों को दिए गए कार्यादेश के अनुसार स्त्रोत निर्माण पूर्ण नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई और निर्देशित किया कि अतिरिक्त वाहन लगाकर बोरवेल की संख्या को शीघ्र पूर्ण करें। उन्होंने 1 नवंबर की स्थिति में एजेंसी द्वारा कराए जाने वाले कार्यों की प्रगति रिपोर्ट कार्यपालन अभियंता पीएचई को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पीएचई को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि किसी ठेकेदार द्वारा पाइप लाइन बिछाने के लिए सडक़ पर गड्ढा खोदा जाता है तो खोदे गए सडक़ का पूर्णत: मरम्मत किए जाने के पश्चात् ही उनका अंतिम भुगतान किया जाए।
कलेक्टर ने क्रेडा के अधिकारी को निर्देशित किया कि सोलर पंप स्थापना के कार्यों में आ रही समस्याओं को पीएचई के अधिकारी से समन्वय बनाकर दूर करें और चिन्हित स्थानों पर पेयजल उपलब्धता हेतु समय पर कार्य पूर्ण करें।
बैठक में पीएचई के कार्यपालन अभियंता एके बच्चन, जल संसाधन विभाग के पीके वासनिक, एसएल द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
नल-जल प्रदाय योजना के कार्यों की समीक्षा
कलेक्टर ने जेजेएम अंतर्गत ऐतमानगर समूह नल जल प्रदाय के कार्यों की समीक्षा की और निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप कार्य समय पर पूर्ण कराने के निर्देश पीएचई को दिए।
उन्होंने पीएचई को निर्देशित किया कि इस प्रोजेक्ट के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। पीएचई के ईई ने बताया कि ऐतमानगर परियोजना से कटघोरा, पोड़ी-उपरोड़ा और पाली ब्लॉक के लगभग 245 गांवों को पेयजल उपलब्ध होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















