देवपहरी में पिकनिक मनाने गए युवक की डूबने से मौत

कोरबा। जिले के वनांचल ग्राम लेमरु थानांतर्गत देवपहरी जलप्रपात में डूबने से एक छात्र की डूबने से मौत हो गई। युवक दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया हुआ था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।


जानकारी के अनुसार दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी बस्ती दर्री निवासी 21 वर्षीय तारीक अनवर सोमवार की सुबह अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने देवपहरी जलप्रपात गया था। बताया जा रहा है कि पिकनिक मनाने के दौरान वह पानी में नहाने चला गया। तैरने नहीं आने के बाद भी वह पानी में उतर गया जिससे वह डूबने लगा।

मौके पर मौजूद कुछ दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन ज्यादा गहराई होने के कारण उसे नहीं बचाया जा सका। काफी मशक्कत के बाद वहां मौजूद कुछ अन्य लोगों ने युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद लेमरु थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। मर्ग पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर लाश को पीएम के लिए भेज दिया गया है।