उद्योग मंत्री ने स्वच्छता पखवाड़े का किया समापन

स्वच्छता हमारी दिनचर्या व जीवनशैली का अभिन्न अंग : लखनलाल

कोरबा। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा है कि स्वच्छता हमारी दिनचर्या व जीवनशैली का एक महत्वपूर्ण एवं अभिन्न अंग हैं, हमें स्वच्छता को अपनी आदत, अपने संस्कार व अपनी हर गतिविधि में शामिल करना होगा।

उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार है कि उन्होने स्वच्छता की बयार देश के कोने-कोने तक पहुंचाई और आज स्वच्छता की गूंज शहर-शहर, गांव-गांव में गुंजायमान हो रही है, लोग स्वच्छता के प्रति जागरूक हो रहे हैं, स्वच्छता को अपनी जीवनशैली में शामिल कर रहे हैं।


उक्त बातें उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने ’स्वच्छता ही सेवा अभियान’ अंतर्गत संचालित किए जा रहे हैं, स्वच्छता पखवाड़े के समापन कार्यक्रम के दौरान कही।

टीपी नगर स्टेडियम के समीप स्थित राजीव गांधी आडिटोरियम में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने अभियान का औपचारिक समापन किया।

इस अवसर पर श्री देवांगन ने कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारी कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वच्छता मित्रों, छात्र-छात्राओं तथा नागरिकों को स्वच्छता शपथ ग्रहण कराई, उपस्थित लोगों ने शहर को साफ-सुथरा रखने, जीवन में स्वच्छता को अपनाने, साफ-सफाई के प्रति जागरूक रहने का संकल्प दोहराया।

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिवकला कंवर, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.राजीव सिंह, पार्षद नरेन्द्र देवांगन, नारायणदास महंत, सुफलदास महंत, विकास अग्रवाल, अपर कलेक्टर दिनेश नाग, संयुक्त कलेक्टर बंजारा, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी, अधीक्षण अभियंता एम.के.वर्मा, प्रफुल्ल तिवारी, परविंदर सिंह, युगल कैवर्त, आकाश श्रीवास्तव, नरेन्द्र पाटनवार, घनश्याम श्रीवास सहित अन्य उपस्थित थे।


उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सम्मानित
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने स्वच्छता ही सेवा अभियान से जुड़े कार्यो व गतिविधियों में उत्कृष्ट सहभागिता हेतु राष्ट्रीय सेवा योजना कोरबा, के.एन.कालेज, सी.जी. बटालियन कोरबा, स्वामी आत्मानंद स्कूल एन.सी.डी.सी., साडा कन्या स्कूल टीपी नगर, सेंट जेवियर्स स्कूल, ब्लू वर्ड स्कूल, निर्मला स्कूल सीएसईबी, न्यू ईरा पब्लिक स्कूल, निर्मला स्कूल कोसाबाड़ी, बालमानस मंदिर आदि विद्यालयों को सम्मानित किया। इसी प्रकार विभिन्न स्वच्छता प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों को सुरक्षा उपकरण, ड्रेस, आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड, प्रदान करने के साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से लाभांवित किया गया।