अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर के भक्त भी जलाएंगे मनोकामना के दीप

सर्वमंगला मंदिर में नवरात्रि पर्व 3 अक्टूबर से, जलेंगे ज्योति कलश

कोरबा। घट स्थापना के साथ शारदीय नवरात्र पर्व 3 अक्टूबर से शुरु हो रही है। शहर के प्रसिद्ध सर्वमंगला मंदिर में ज्योति कलश प्रज्जवलित करने के लिए दूर-दराज के श्रद्धालुओं के अलावा विदेशों में रह रहे प्रवासी भारतीयों ने आस्था प्रकट की है।

मंदिर में इस वर्ष प्रवासियों के 10 हजार मनोकामना कलश प्रज्जवलित होंगे। अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर, म्यांमार में रह रहे श्रद्धालुओं ने मनोकामना दीप के लिए अर्जी लगाई है।


नवरात्रि पर्व का उत्साह भक्तों में देखते ही बन रहा है। पर्व में घट स्थापना का बड़ा महत्व रहता है। सर्वमंगला मंदिर के पुजारी नन्हा नमन पाण्डेय ने बताया कि नवरात्रि पर्व इस वर्ष नौ दिन पड़ रहा है। मंदिर में मनोकामना ज्योति कलश का प्रज्जवलन आस्था का केंद्र बना रहेगा। देश के विभिन्न प्रांतों के अलावा विदेश में रहने वाले भक्तों ने देवी मंदिर दीप प्रज्जवलित कराने कराने के लिए रसीद कटाया। सुबह व शाम के समय देवी मंदिर में आरती आकर्षण का केंद्र रहेगा।

सर्वमंगला मंदिर के अलावा शहर के वैष्णोदेवी दरबार, राम दरबार, शाकंभरी मंदिर कोसाबाड़ी आदि स्थानों में ज्योतिकलश प्रज्जवलित की जाएगी। ज्योति कलश दर्शन के लिए पूरे नौ दिनों तक श्रद्धालुओं को कतार लगी रहेगी। शहरी क्षेत्रों में देवी पंडाल आकर्षण का केंद्र रहेगा।

एमपी नगर में भद्रकाली मंदिर की झांकी का निर्माण किया जा रहा है। अमरैयापारा में केदारनाथ मंदिर की झलक पंडाल में देखने को मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों के माता चौरा स्थलों में जवारा कलश प्रज्जवलित कर पूजा-आराधना की जाएगी। आस्था और भक्ति के साथ वातावरण देवी जसगीतों से मंदिर गुंजायमान होंगे। शहरी क्षेत्रों के अलावा उपनगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में भी देवी आराधना के लिए भक्तों में उत्साह देखा जा रहा है।

शहर के अलावा हरदीबाजार, दीपका, चैतमा, पाली, कटघोरा, छुरी, बालको, जमनीपाली, दर्री, पसान, तुमान, करतला, नोनबिर्रा, पाली, मोरगा आदिद ाानों में देवी प्रतिमा की स्थापना के लिए पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। उत्साह के दौरान सांस्कृतिक आयोजन आकर्षण का केंद्र बना रहेगा।


पर्वतीय स्थलों में उमड़ेगी श्रद्धा


पर्वतीय स्थल में विराजमान देवी मंदिरों में आज से चहल-पहल शुरू हो गई है। मंदिर में देवी दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम की जा रही है।

मनोकामना ज्योतिकलश प्रज्जवलित कराने के लिए कोसगाई मंदिर, अष्टभुजी व मड़वारानी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। दर्री बांध के निकट हसदेव नदी के तट पर भवानी मंदिर देवी दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ेगी। प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी मड़वारानी मंदिर में नवरात्रि के पंचमी से त्रयोदशी तक मनोकामना दीप प्रज्जवलित की जाएगी।