मछली चुराने के संदेह में आधी रात बुजुर्ग की हत्या,संदेही युवक  हिरासत में

कोरबा-कटघोरा। कटघोरा थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम तानाखार में सुबह खेत में एक बुजुर्ग का शव मिलने से गांव में हडक़म्प मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के दौरान गांव के एक संदेही युवक को हिरासत में लिया है।


जानकारी के अनुसार कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम तानाखार के पास सुबह एक बुजुर्ग का शव खेत में देखा गया। ग्रामीणों की सूचना पर कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

प्रारंभिक जांच के दौरान गांव के एक संदेही युवक तानाखार निवासी विजय बहादुर सिंह कंवर 32 वर्ष को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह रोजाना अपने खेत में मछली का जाल बिछाता था लेकिन रोज मछली सुबह जब लेने जाता था तो मछली जाल समेत गायब मिलता था। रोजाना यही होता था तो युवक बुधवार की रात लगभग 2 बजे अपने खेत के पास घात लगाए बैठा था।

इसी दौरान बुजुर्ग लालजी पाटले 65 वर्ष चंदनपुर निवासी विजय बहादुर के खेत से गुजर रहा था तभी घात लगाए बैठा विजय बहादुर सिंह कंवर ने बुजुर्ग लालजी पाटले की लाठी छीनकर उसकी पिटाई कर दी और वहां से भाग खड़ा हुआ।

सुबह जब ग्रामीणों ने खेत के पास शव देखा तो तत्काल इसकी सूचना कटघोरा थाना में दी।

फिलहाल कटघोरा पुलिस ने मृतक लालजी पाटले के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कटघोरा पुलिस युवक विजय बहादुर सिंह कंवर को पूछताछ कर रही है।