कोरबा। गजराजों के द्वारा जन-धन को नुकसान पहुंचाने का मामला बढ़ता जा रहा है। अरसे से यह समस्या बनी हुई है। कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के करीब 70 गांव के ग्रामीण जल्द ही प्रशासन और वन विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे।
हाथियों के उत्पात को लेकर पिछले दिनों किए गए धरना प्रदर्शन के बाद पोड़ी एसडीएम कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया था,जो विफल रही,जिसके बाद अब ग्रामीणों ने उग्र आंदोलन करने का निर्णय लिया है। हाथी के उत्पात से परेशान कोरबा जिले में पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के करीब 70 गांव के ग्रामीणों ने एक बार फिर से प्रशासन के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने का निर्णय लिया है।
हाथियों के आतंक को रोक पाने में जिस तरह से प्रशासन विफल हुआ है उससे आक्रोशित होकर 18 सितंबर को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने चोटिया बाजारभांटा में धरना प्रदर्शन किया था,जिसके बाद प्रशासन ने एसडीएम के नेतृत्व में वार्ता का आयोजन किया था। वार्ता के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिलने से ग्रामीणों ने बैठक का बहीष्कार कर दिया और आने वाले समय पर उग्र आंदोलन करने के साथ ही चक्काजाम करने की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों का कहना है,कि प्रशासन ने बैठक बुलाकर केवल और केवल खानापूर्ती की है। हाथियों ने उनका जीना दुभर कर दिया है। फसलों को उनके द्वारा नुकसान पहुंचाया जा रहा है,जिसका मुआवजा नाममात्र का दिया जाता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















