श्रम, उद्योग मंत्री ने किया उद्घाटन

336 कैमरे लगे कोरबा की सुरक्षा में, एकीकृत कमांड कंट्रोल सेंटर शुरू

कोरबा । प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक नगर कोरबा में अपराध रोकथाम एवं विवेचना के लिए अग्रणी प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस विभाग ने कोरबा की सुरक्षा के मद्देनजर 336 कैमरों की व्यवस्था आसपास में की है। सीसीटीवी कैमरे के इंटीग्रेटेड कमांड और कंट्रोल सेंटर का लोकार्पण प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया।


प्रदेश के केबिनेट मंत्री श्री देवांगन के आगमन पर स्वागत पश्चात उनको सलामी दी गई। उनके द्वारा इंटीग्रेटेड कमांड और कंट्रोल सेंटर (आईसी-3) का फीता काटकर लोकार्पण किया। इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने कहा की सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी यह योजना काफी महत्वपूर्ण है, शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगे कैमरे से निगरानी की जा सकेगी। किसी भी आपदा के समय भी इस सिस्टम के ज़रिए बेहतर काम किया जा सकेगा। अपराध और अपराधी इससे नजऱ में रहेंगे। शहर भर में लगने वाले विशेष कैमरों के जरिए ट्रैफिक सिस्टम तथा अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी और नियंत्रण के लिए यह बेहतर साबित होगा।

मंत्री श्री देवांगन ने कलेक्टर अजीत वसंत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी को शहर के मुख्य मार्गों से वार्डों को जोडऩे वाली सडक़ों का भी सर्वे कर उन जगहों पर भी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।

लोकार्पण कार्यक्रम में महापौर राजकिशोर प्रसाद, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिवकला छत्रपाल सिंह कंवर, कलेक्टर अजीत वसंत  भी उपस्थित हुए। कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यू.बी.एस चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा श्रीमती नेहा वर्मा, उप पुलिस अधीक्षक आदि उपस्थित थे।


6 जोन की निगरानी यहां से


आईसी-3 के माध्यम से पुलिस शहर के चौक चौराहे की सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से निगरानी रखेगी । आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए पुलिस को सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से अपराधिक तत्वों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस के द्वारा 6 जोन निर्धारित किया गया है।

6 जोन के अलग-अलग चौक चौराहों पर कुल 336 सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। सभी कैमरा को अलग-अलग जोन में रखा गया है, जिसमें कोसाबाडी जोन, टीपी नगर जोन, कोरबा जोन, दर्री जोन, बालको जोन, सर्वमंगला जोन में कैमरा लगाए गए हैं।

जिसकी निगरानी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में निर्मित आईसी-3 में किया जाएगा। मुख्य चौक चौराहों को चिन्हित कर एएनपीआर (नंबर प्लेट स्कैनिंग कैमरा) को भी लगवाया गया है जिसके माध्यम से नंबर प्लेट को स्पष्ट रूप से देख सकते हैं और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना में इसके माध्यम से पुलिस को सहायता मिलेगी।