रायपुर। राज्य शासन द्वारा शराब नीति में परिवर्तन कर बिचौलिया प्रथा समाप्त कर सीधे शराब निर्माता कंपनियों से शराब खरीदी करने से शराब के शौकीनों में अपने मन पसंद ब्रांड मिलने की आस है। शराब दुकानों में बुधवार से सभी ब्रांड की शराब के साथ बीयर, रम ग्राहकों के लिए उपलब्ध होना था। इसके लिए शराब के शौकीनों को कुछ दिन और इंतजार करना होगा। बेवरेज कार्पोरेशन के सिलतरा स्थित गोदाम में कंपनियों से खरीदी गई शराब की खेप पहुंच गई है, लेकिन वह शराब की पेटियां दुकानों तक नहीं पहुंच पाई है।
नया माल नहीं पहुंचने से ट्रांसपोर्टिंग में देरी
पचपेड़ी नाका स्थित प्रीमियम शॉप, पुलिस लाइन, कटोरातालाब, शास्त्री बाजार, पुराना बसस्टैंड स्थित संचालित अंग्रेजी शराब दुकान में काम करने वाले कर्मियों के मुताबिक दुकानों में अब तक नए स्टॉक का माल नहीं पहुंच पाया है। नया माल नहीं पहुंचने की वजह कर्मियों ने ट्रांसपोर्टिंग में देर होने के साथ मैन पावर की कमी को बताया। जानकारी के मुताबिक मंगलवार को सिलतरा स्थित बेवरेज कार्पोरेशन के डिपो से बस्तर तथा धमतरी के लिए शराब की खेप रवाना की गई है। इसके साथ ही अन्य जिलों के शराब ट्रांसपोर्टर सिलतरा से शराब का उठाव कर रहे हैं।
नहीं मिल रहे नंबर-1, एरिस्टोक्रेट, रायल स्टेग ब्रांड के शराब
मीडियम रेंज की शराब जैसे नंबर-1, एरिस्टोक्रेट, रायल स्टेग जैसे चर्चित ब्रांड की शराब ज्यादातर दुकानों में नहीं मिल रही है। दुकानों में आरसी जैसे ब्रांड की शराब प्रीमियम शॉप के साथ शास्त्री बाजार, पुलिस लाइन, पुराना बसस्टैंड की दुकानों में उपलब्ध है।
इन शराबों की कीमत में हुआ इजाफा
एक सितंबर से कई ब्रांड की शराब की कीमत में बढ़ोतरी की गई है। जिन शराब की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है, उनमें 840 रुपए से ज्यादा कीमत में मिलने वाली शराब की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही बीयर की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है।
अंग्रेजी शराब दुकान में नहीं मिल रहा रम
शराब के शौकीनों के लिए व्हिस्की के बाद रम दूसरी पसंदीदा शराब है। रम के शौकीनों को प्रीमियम के साथ अंग्रेजी शराब दुकान में किसी भी ब्रांड की रम नहीं मिल रही है। इसके साथ ही प्रीमियम के साथ अंग्रेजी शराब दुकानों में बीयर के शौकीनों को सिंबा ब्रांड की बीयर मिल पा रही है।
तीन से चार दिन करना होगा और इंतजार
शराब ट्रांसपोर्ट करने वाले ट्रांसपोर्टर अन्य जिलों के लिए पहले शराब परिवहन कर रहे हैं। इसके बाद रायपुर जिले की दुकानों के लिए शराब परिवहन करेंगे। इसके कारण यहां दुकानों में नए स्टाक का माल पहुंचने में देर हो रही है। नए स्टाक का माल नहीं पहुंचने की वजह से शराब के शौकीनों को अपने पसंदीदा ब्रांड की शराब लेने तीन से चार दिन और इंतजार करना होगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















