कोरबा। एकीकृत बाल विकास परियोजना पोड़ी उपरोड़ा में 77 रिक्त पदों के भर्ती हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए थे। जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 02 एवं सहायिका के 75 पद शामिल है। इस हेतु 27 अगस्त से 10 सितंबर 2024 तक पात्र आवेदकों से आवेदन मंगाया गया था। महिला व बाल विकास विभाग द्वारा भर्ती प्रक्रिया के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि रिक्त पदों में भर्ती हेतु प्राप्त आवेदनों का विकासखण्ड स्तरीय चयन समिति द्वारा मूल्यांकन किया जाएगा।
चयन समिति में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी एवं परियोजना अधिकारी पदेन सचिव के रूप में शामिल है। पदों की नियुक्ति हेतु शासन के निर्देशों का पूर्णतः पालन किया जाएगा। चयन हेतु कुल 100 अंक के अधार पर अनंतिम सूची तैयार की जाएगी। जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हेतु शैक्षणिक योग्यता 12वीं व सहायिका हेतु 8वीं के प्राप्तांक के प्रतिशत का अधिकतम 60 अंक, विधवा/परित्यक्तता/तलाकशुदा का 15 अंक, प्रभावशील गरीबी रेखा परिवार का 06 अंक, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति परिवार का 10 अंक, विभागीय अनुभव का 06 अंक, कन्या आश्रम में अध्ययन करने पर 03 अंक निर्धारित है। विभाग द्वारा अनंतिम सूची तैयार होने के बाद सूचना पटल पर चस्पा कर दावा आपत्ति आमंत्रित किया जाएगा। तत्पश्चात चयन समिति द्वारा दावा आपत्ति का निराकरण कर पुनः अंतिम सूची जारी की जाएगी। जनपद स्तरीय विषय समिति के अनुमोदन पश्चात् अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश जारी होगी।
विभाग द्वारा आवेदिकाओं को सचेत करते हुए सतर्कता बरतने की अपील गई है। विभाग द्वारा बताया गया है कि रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया विशुद्ध शासकीय है। अभ्यर्थियों से किसी बाहरी व्यक्ति के नियुक्ति दिलाने जैसे बहकावे में नही आने का आग्रह किया गया है। साथ ही किसी शासकीय/अशासकीय व्यक्ति द्वारा नौकरी के एवज में राशि या अन्य किसी भी तरह की मांग की जाने पर तत्काल इसकी सूचना कलेक्टर अथवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में करने की अपील की गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
