तुलसीनगर-राताखार मार्ग में देर रात हुआ हादसा

भारी वाहन से बहन की मौत, भाई गम्भीर

कोरबा । शनिवार रात को स्कूटी में घूमने निकले भाई-बहन को तेज रफ्तार भारी वाहन ने चपेट में ले लिया। हादसे में बहन की मौत हो गई जबकि भाई गंभीर रूप से घायल है।


जानकारी के अनुसार सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत रामसागर पारा निवासी प्रकाश कुमार गोधवानी की लगभग 17 वर्षीय पुत्री मीनल एवं 14 वर्षीय पुत्र गणेश गोधवानी शनिवार की रात स्कूटी पर सवार होकर घर से निकले थे। रात करीब 9-10 बजे के मध्य वे तुलसीनगर-राताखार मार्ग पर अग्रसेन तिराहा से थोड़ा आगे मार्ग से गुजर रहे थे कि इस दौरान अज्ञात भारी वाहन ने इन्हें चपेट में ले लिया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल मीनल की अस्पताल पहुंचते तक मौत हो गई जबकि गणेश का उपचार गंभीर हालत में जारी है। इस घटना से नगरजनों सहित सिन्धी समाज में शोक की लहर दौड़ पड़ी। आज पोस्टमार्टम बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया गया और गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।