हड़ताल का 7वां दिन, अब बड़े और उग्र आंदोलन की तैयारी में गोंगपा

कोरबा-पाली । पाली क्षेत्र के पूर्व सरपंचों के विरुद्ध हुई एकपक्षीय कार्यवाही रिकवरी के विरोध में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का अनिश्चित कालीन हड़ताल पाली के शिव मंदिर चौक में जारी है। हड़ताल को सप्ताह भर पूर्ण हो चुके हैं किंतु प्रशासनिक स्तर पर कोई भी आंदोलनकारियों की सुध लेने नहीं पहुंचा है।

गोंगपा के प्रदेश सचिव कुलदीप सिंह मरकाम ने कहा है कि अगर प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं देता है तो वे आने वाले दिनों में कलेक्टर कार्यालय का घेराव करते हुए उग्र आंदोलन करेंगे। जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। प्रशासन के उदासीन रवैया और एकपक्षीय कार्यवाही से गोंगपा कार्यकर्ताओं के नाराज होने की बात उन्होंने कही है।


बता दें कि मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत 2015-16 में स्वीकृत निर्माण कार्यों को लेकर पूर्व सरपंचों के विरुद्ध तत्कालीन अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पाली द्वारा रिकव्हरी कार्यवाही करते हुए सरपंचों पर अमानत में खयानत के तहत मामला दर्ज कर एसडीएम पाली में प्रकरण दर्ज किया गया।

इसके संदर्भ में शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करने के उद्देश्य व उचित कार्यवाही करने की उद्देश्य से गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के तत्वाधान में आयोजित अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन में उपस्थित होकर अपना विरोध जाहिर किया।

विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम और विधायक प्रतिनिधि कुलदीप सिंह मरकाम ने कहा कि भोले भाले 16 आदिवासी सरपंच को प्रताडि़त करने का यह एक राजनैतिक षड्यंत्र है। 1 वर्ष बाद पुन: मूल्यांकन के नाम पर रिकव्हरी का भय दिखाकर मानसिक रूप से प्रताडि़त करना जारी है जिसे गोंडवाना गणतंत्र पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि संबंधित सभी कर्मचारियों को भी पार्टी बनाया जाए। जब तक न्याय नहीं मिलेगा तब तक यह धरना प्रदर्शन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा ।