कोरबा । जिला मेडिकल कॉलेज में डेंगू के मरीज की मौत हो गई। युवक की मौत से पहले परिजनों ने आईसीयू में इस बात पर हंगामा मचाया था कि डॉक्टर ने उन्हें कहा कि डेंगू के मरीज बचते नहीं, मरीज को कई प्रकार की दिक्कत है। इस बात पर परिजन भडक़ गए और हंगामा करने लगे।
जानकारी के अनुसार मृतक पोड़ीखुर्द का निवासी दीपक कुर्रे डेंगू से पीडि़त था। मरीज का इलाज गांव के ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा था। हालत गंभीर होने पर 17 अगस्त को जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इस बीच जब मरीज जीवित था तो डॉक्टर ने परिजनों से कहा कि डेंगू के मरीज बचते नहीं और मरीज को कई अन्य समस्याएं हैं, जिस पर परिजन भडक़ गए और आईसीयू में हंगामा मचा दिया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले भर्ती कराने पर वो ठीक थे, खाना भी खा रहे थे। इलाज में लापरवाही की वजह से उसकी हालत और गम्भीर हुई वहीं आज मरीज की हालत बिगड़ी और मौत हो गई।
मामले में जिला अस्पताल चौकी प्रभारी दाऊद कुजूर ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा उन्हें हंगामा की सूचना दी गई जहां मौके पर पहुंच घटनाक्रम की जानकारी ली गई। महिला ने डॉक्टर पर आरोप लगाया है, मामले की जांच की जा रही है।
पंचनामा व पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। गमगीन माहौल में मृतक का अंतिम संस्कार गृहग्राम में किया गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















