कोरबा में 50 साल पुराना सार्वजनिक कुआं धंसा, आस-पास के घरों को खाली कराने की तैयारी

कोरबा। सावन में मानसून की मेहरबानी से किसानों को खेती-बाड़ी के कामकाज के मामले में काफी राहत मिली है वहीं जन सामान्य तापमान के कम होने से अच्छा महसूस कर रहे हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण अब विभिन्न क्षेत्रों में समस्याएं खड़ी हो रही है। करतला गांव में पिछली रात एक कुआं धड़ाम की आवाज के साथ धंसक गया। आसपास के लोग इससे डर गए। खबर है कि इस घटना के कारण यहां डर बना हुआ है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर करतला में मध्य रात्रि को यह घटना हुई। बताया गया कि यहां पर एक सार्वजनिक श्रेणी का तालाब लगातार बारिश के असर को बर्दाश्त नहीं कर सका। पांच दशक से क्षेत्र के लोग इसका उपयोग अपनी आवश्यकता की पूर्ति के लिए करते आ रहे थे जिन्हें कुआं के धंसकने से नुकसान हुआ। वहीं इस बात का खौफ भी पैदा हो गया कि कहीं घटना का दुष्प्रभाव आसपास में न हो।

  क्षेत्र में इस बार बारिश का क्रम बदस्तूर बना हुआ है। फिलहाल तीन दिन से चल रही बारिश उन निर्माणों के लिए मुश्किल का कारण बनी हुई है जो कच्चे हैं। रात्रि को बुरी तरह से धंसान का शिकार हुए कुएं को लेकर बताया गया कि वह 5 फीट तक धंस गया है। रात को जब इसके चारों किनारों का बाहर क्षेत्र भरभरा क गिरा तो धड़ाम की आवाज हुई जिसे नजदीक में रहने वाले लोगों ने सुना। उन्होंने अलग-अलग कयास लगाए।

आज सुबह से जायजा लिया गया तो पता चला कि पुराना कुआं धंसक गया है। ग्रामीण बताते हैं कि बीते वर्षों में भी जबरदस्त बारिश इस क्षेत्र में हुई लेकिन इस प्रकार का अनुभव नहीं आया। घटना स्थल के आसपास के कुछ मकानों में भी बारिश के प्रभाव से आंशिक नुकसान की खबर मिली है।

प्रशासन को इस बारे में अवगत कराया गया है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से उसने खतरे वाली जगह को चिन्हित करने के साथ लोगों को मौके से हटने और अस्थायी रूप से कहीं और शिफ्ट कराने की बात कही है।