चोरी के आरोपी के साथ मिला आरक्षक निलंबित किया गया

कोरबा। न सिर्फ कोरबा जिले में चोरी और लूटपाट में संलिप्त बल्कि दीगर जिले में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देने के मामले में वांटेड आरोपी सन्नाटा उर्फ धनेश के साथ शराब दुकान में मिले आरक्षक को अंतत: निलंबित कर दिया गया है।


सिविल लाइन थाना रामपुर अंतर्गत सीएसईबी में पदस्थ आरक्षक विकास भारद्वाज ने जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा और उनके टीम पर पिस्टल की नोक पर उठा कर ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है। नवागढ़ पुलिस ने निहारिका क्षेत्र की शराब दुकान के पास से चोरी के आरोपी सन्नाटा उर्फ धनेश कुमार के साथ आरक्षक को पकड़ा था।

सन्नाटा की तलाश में नवागढ़ पुलिस कोरबा पहुंची थी, जिसने अपने 9 अन्य साथियों के साथ मिलकर नवागढ़ थाना क्षेत्र में उचित मूल्य की दुकान से बड़े पैमाने पर चावल की चोरी किया था।


एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि चोरी के संदेही आरोपियों की पतासाजी हेतु डीएसपी अनिल कुर्रे, निरीक्षक भास्कर शर्मा एवं उप निरीक्षक पारस पटेल हमराह स्टॉफ के साथ थाना सिविल लाईन रामपुर कोरबा क्षेत्र में आये थे। उनके द्वारा अवगत कराया गया कि संदेही आरोपियों के घर धर-पकड़ के दौरान मुख्य संदेही धनेश कुमार साहू के साथ पुलिस सहायता केंद्र सीएसईबी में पदस्थ आरक्षक क्र. 532 विकास भारद्वाज गाड़ी में शराब पीकर निहारिका शराब भट्ठी के पास बैठा हुआ था।

आरक्षक का कार्य आचरण संदिग्ध प्रतीत होता है। इस कृत्य से विभाग की छवि धूमिल होती है। अत: पुलिस सेवा आचरण नियम के प्रतिकूल कार्य आचरण प्रदर्शित करने, संदिग्ध कार्यशैली, कर्तव्यविमुखता एवं स्वेच्छाचारिता बरतने के लिये आरक्षक क्र. 532 विकास भारद्वाज को 27.07.2024 के अपरान्ह से निलंबित किया जाता है।

निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय रक्षित केन्द्र, कोरबा रहेगा तथा निलंबन अवधि में नियमानुसार अनुषांगिक भत्ते प्राप्त होंगे।